अंबाला। ऊर्जा विभाग में चीफ इलेक्ट्रिक इंस्पेक्टर (सीईआई) व परिवहन विभाग में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) पदों पर जांच के लिए हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सीएम फ्लाइंग को पत्र लिखा है। मंत्री विज ने बताया कि ये पद पहले से ही काफी मलाईदार और अफसरों की पसंद रहे हैं। विज ने कहा कि जब से उनके पास ऊर्जा और परिवहन विभाग आए हैं, तब से रोजाना उनके पास चीफ इलेक्ट्रिक इंस्पेक्टर व मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के पद पर स्थानांतरण के लिए काफी सिफारिशें आ रही हैं कि परिवहन विभाग में एमवीआई लगा दो व बिजली विभाग में चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर लगा दो।
इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री के फ्लाइंग दस्ते को छापा मारने के लिए पत्र लिखा है।
उन्होंने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के भाजपा भ्रष्ट सरकार है, इन्होंने खेती और किसान का बंटाधार कर दिया है के बयान पर पलटवार करते कहा कि सुरजेवाला को चारों तरफ काला ही काला नजर आता है और अंधेरा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि आज सरकार किसानों को बिजली दे रही है। ब्यूरो