अंबाला शहर स्थित रोडवेज वर्कशाप में खड़ी बसें। संवाद
अंबाला। डिपो में चालक और परिचालक की कमी के कारण बसों के फेरे घट गए हैं, जिन रूटों पर दस बसें चला करती थीं अब वहां चार बसें संचालन कर रही हैं। ऐसे में कई लंबे मार्ग प्रभावित हो रहे हैं। एक और जहां अंबाला डिपो में रोडवेज की नई सामान्य बसें आई हैं।
दूसरी ओर डिपो में चालक और परिचालक की कमी देखने को मिल रही है। अंबाला डिपो के पास करीब 190 रोडवेज की बसें हैं। इसमें से 40 बसें नारायणगढ़ सब डिपो के पास हैं। डिपो को 100 के करीब चालक और 80 के करीब परिचालकों की जरूरत हैं, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण सामान्य बसें पूरी तरह से संचालन नहीं कर पा रही हैं।
शिमला रूट पर दो ही बसें : पहले अंबाला से शिमला मार्ग पर चार बसों का संचालन किया जाता था लेकिन अब दो बसें ही संचालन कर रही हैं। वही अंबाला से जयपुर वाया चंडीगढ़ के लिए दो बस संचालन करती थी। जो पिछले लंबे समय से बंद थी अब इस बस को चला दिया है।
इसी तरह से दिल्ली से पटियाला मार्ग पर 10 बसों का संचालन किया जा रहा था लेकिन पिछले कुछ समय से मात्र चार बसें ही इस मार्ग पर संचालन कर रही हैं। इसके अलावा दिल्ली से लुधियाना के लिए आठ बस चलाई जा रही थी लेकिन अब चार बसें जा रही हैं।