अंबाला। अमृत महोत्सव के तहत आज 14 अगस्त को छावनी रेलवे स्टेशन पर खादी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में निजी संगठन या संस्था के विज्ञापन की अनुमति नहीं होगी। रेलवे द्वारा नामित स्टेशनों पर सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय रेलवे के अनुमोदन से भारतीय स्वतंत्रता समारोह के 75 वें वर्ष को दर्शाने वाले किसी भी स्मारक, लोगो व स्लोगन को लगाने की अनुमति रहेगी। मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरी मोहन ने बताया कि भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में, आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2021 से 15 अगस्त 2022 तक मनाया जाएगा।
इस उपलक्ष्य में रेलवे बोर्ड द्वारा रेलवे स्टेशनों पर आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में सरकारी निकायों से हथकरघा, खादी के प्रदर्शनी-सह-बिक्री स्टाल खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार 75 स्टेशनों पर हथकरघा, खादी के ऐसे प्रदर्शनी के साथ ही बिक्री के लिए स्टाल खोले जाने हैं। इसमें उत्तर रेलवे अंबाला मंडल का छावनी रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।