अंबाला सिटी के नेशनल हाईवे स्थित लगाए गए कांवड़ शिविर में पहुंचे कांवड़िये भोलनाथ के भजनों पर झू?
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। हरि पैलेस रोड स्थित नेशनल हाईवे पर श्री संगमेश्वर महादेव सेवादल की ओर से लगाए गए विशाल कांवड़ शिविर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इस मौके पर श्री संगमेश्वर महादेव सेवादल प्रधान सुशील पुरी ने बताया कि बम-बम भोले के जयकारों के साथ हरिद्वार से कांवड़िये कांवड़ लेकर अंबाला शिविर में पहुंच रहे हैं। यहां प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार कांवड़िये प्रतिदिन पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीते कुछ दिनों में कांवड़ियों की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। शिव कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए जहां पहले 50 सेवादार शिव भक्तों की सेवा में लगाए गए थे, अब वहां पर 100 सेवादारों की व्यवस्था की गई है, ताकि शिव कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। शिव भक्तों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था बहुत बड़े स्तर पर की जा रही है। शिव कांवडिये किसी भी समय शिविर कांवड़ पहुंचते हैं तो उनके लिए 24 घंटे भोजन प्रसाद, स्नान करने की व्यवस्था, आराम करने के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
प्रधान पुरी ने बताया कि अंबाला जिले का पहला कांवड़ शिविर है जहां पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पूरे पंडाल में की गई है। करीब आठ कैमरों की निगरानी में शिविर कांवड़ चल रहा है। शनिवार की शाम को पंजाब क्षेत्र के जैती मंडी, कोटकपूरा, संगरूर, मानसा, रामा मंडी, नवांशहर, होशियारपुर, बठिंडा व अंबाला क्षेत्र के गांव जटवाड़ा के कांवड़िये हरिद्वार व ऋषिकेश से कांवड़ लेकर अंबाला शिविर में पहुंचे हैं।
प्रधान सुशील पुरी ने बताया कि भोलेनाथ के भक्तों के लिए 15 हलवाइयों की टीम सदस्यों की ओर से भोजन प्रसाद की व्यवस्था की जा रही है। शिविर में कांवड़ियों के लिए प्राथमिक उपचार व दवाइयों आदि की भी सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इस कांवड़ शिविर को अंबाला शहर के समाजसेवी लोगों का के साथ-साथ रोटरी क्लब, गुड मॉर्निंग क्लब व जैन सभा का बहुत ज्यादा सहयोग मिल रहा है। जिस कारण यह विशाल कांवड़ शिविर का कार्यक्रम निरंतर कई वर्षो से लगातार चल रहा है। भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी कावड़िये भोजन प्रसाद लेते हुए विश्राम आदि करके करके यहां से अपने निजी क्षेत्रों की ओर रवाना हो रहे हैं।