मुलाना। धनौरा गांव से बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में गए परिवार के घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। शिकायतकर्ता धनौरा गांव निवासी संजीव कुमार ने बताया कि 12 अप्रैल की रात को परिवार सहित पुष्पा देवी मिनी स्टेडियम में बाबा साहेब डॉ भीम राव आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में गया था। देररात घर पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे हुए थे। कमरे में रखी लोहा की अलमारी से सोने व चांदी के जेवरात के अलावा करीब 17 हजार 626 रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद
कार की चपेट में बाइक सवार की मौत
अंबाला सिटी। कार की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। शिकायतकर्ता नग्गल के उदयपुर गांव निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि वह चार भाई है। छोटा भाई बलविंद्र राम भुडंगपुर गांव के अमरीक सिंह के पास मजदूरी करता है। 13 अप्रैल को वह खेतों में काम कर गांव जा रहा था तो उसी समय भाई बलविंद्र भी बाइक लेकर आ गया। इतने में देखते ही देखते एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भाई के सिर व अन्य हिस्से पर गंभीर चोटें आई। घायल को सीएचसी चौड़मस्तपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भाई को मृत घोषित कर दिया। संवाद
-
मेडिकल शॉप की गुल्लक से चोरी
साहा। बिहटा में केमिस्ट की दुकान से बाइक सवार युवक हजारों रुपये की नकदी चुराकर ले गया। दुकानदार घर पर चाय पीने गया था। साहा थाना पुलिस ने गांव के ही एक युवक अमरीक सिंह पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता बिहटा गांव निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि उसकी मेडिकल की दुकान है। 12 अप्रैल को दोपहर के समय वह अपनी दुकान से घर चाय पीने के लिए चल गया था। कुछ ही देर में वापस गया तो देखा कि एक युवक गुल्लक में से पैसे निकाल रहा था। देखते ही देखते वह बाइक लेकर फरार हो गया। गुल्लक में देखा तो नकदी गायब थी। संवाद
-
पति की मौत के बाद पत्नी लापता
अंबाला। हैदराबाद में पति की मौत के 22 दिन बाद सुल्लर गांव निवासी महिला लापता हो गई है। शिकायतकर्ता सुल्लर गांव निवासी लखविंद्र सिंह ने बताया कि उसके भाई बलविंद्र सिंह की 19 मार्च को हैदराबाद में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई थी। भाई की पत्नी सिमरजीत कौर घर में परिवार के साथ ही रह रही थी। 11 अप्रैल की दोपहर में वह घर से लापता हो गई है। अपने स्तर पर रिश्तेदारी व गली-मोहल्ले में देखा लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस ने महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। संवाद
डालर की खरीद-फरोख्त में 12.81 लाख की ठगी
जींद के विकास और कुरुक्षेत्र के निशा गिरी पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। क्रिप्टो कंपनी में यूएस डालर खरीदकर बिकवाने के नाम पर बब्याल के न्यू दलीपगढ़ निवासी संत राम के साथ 12 लाख 81 हजार 60 रुपये की धोखाधड़ी हो गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कई गुना मुनाफे का लालच देकर रुपये ले लिए। बदले में यूएस डालर दिए न ही रुपये लौटाए। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने जींद की भिवानी रोड निवासी विकास कुमार और कुरुक्षेत्र के मोहन नगर निवासी निशा गिरी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता संत राम ने बताया कि आरोपियों ने कहा था कि उनकी क्रिप्टो कंपनी है। इसमें यूएस डॉलर के साथ निवेश किया जाता है और उसके बदले में मार्केट में उतार-चढ़ाव अनुसार लाभ मिलता है। यह कंपनी शेयर मार्केट के साथ काम करती है। झांसे में लेते हुए आरोपी ने कहा कि उसने खुद भी रुपये लगाए हैं। यह मल्टी मिलेनियम ट्रेडिंग कंपनी है।
पिपली में मल्टी मिलेनियम ट्रेडिंग कंपनी का बहुत बड़ा ऑफिस है। सात मार्च 2025 के आरोपियों को कहने पर पत्नी संग अंबाला कैंट के एक निजी रेस्तरां में मुलाकात की। इस तरह से आरोपियों ने थोड़े-थोड़े पैसे खाते में डलवाने शुरू कर दिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो अभी तक यूएस डॉलर दिए गए व न ही पैसे लौटाए। कई दिनों से फोन भी बंद कर दिए है।