बराडा। गांव के खेतों में इस समय फसल कटाई के बाद किसानों की मेहनत का फल बोरियों में बंद हो रहा है। सोमवार को शॉर्ट सर्किट से किसान कर्म सिंह सैनी के खेत में आग लग गई। इससे उनके 2.5 एकड़ खेत में गेहूं के फानों को लपटों में लील लिया।
खेत से गेहूं पहले ही निकाल लिया था परंतु फसल के बचे अवशेष खेत में ही जमा थे। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान की कई महीनों की मेहनत मिट्टी में मिल गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कर्म सिंह सैनी के खेत के किनारे रखे 3-4 उपलों के ढेर में आग लगी, जो शॉर्ट सर्किट का नतीजा मानी जा रही है। शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर आग का पता लगते ही ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन इंतजार करते-करते करीब पौना घंटा बीत गया और तब तक आग ने अपना काम कर दिया था।
गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की। बाल्टियों से पानी डालने से लेकर पाइप और ट्रैक्टर के टैंकर तक हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन आग की लपटें फानों के सूखे ढेर में इस कदर भड़कीं कि देखते ही देखते पूरा खेत खाक हो गया।
घटना के बाद गांव में मायूसी और आक्रोश दोनों का माहौल है। किसान कर्म सिंह सैनी के परिवार के चेहरे पर इस नुकसान की पीड़ा साफ झलक रही थी। वहीं, ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।