सेवन विंग एयरफोर्स में लॉजिस्टिक असिस्टेंट के किराए के मकान से चोरों ने जेवर चोरी कर लिए। थाना अंबाला छावनी पुलिस को दी शिकायत में सुरि नागराजु ने बताया कि वह आंध्रप्रदेश का रहने वाला है। वह सेवन विंग एयरफोर्स अंबाला कैंट में लॉजिस्टिक असिस्टेंट के पद पर तैनात है। वह पारस नगर में पिछले चार महीने से किराए पर रह रहा है।
पांच दिसंबर को छुट्टी लेकर अपने घर आंध्रप्रदेश गया था। 11 दिसंबर को उसके पास पड़ोसी का फोन आया कि उसके किराए के मकान का छत वाला दरवाजा खुला हुआ है और नीचे हॉल वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद वह तुरंत आंध्र प्रदेश से वापस अपने किराए के मकान में आया। यहां उसने देखा कि चोरों ने उसके मकान के छत वाले दरवाजे को तोड़ दिया है। इसके बाद चोरों ने अंदर बेडरूम वाले कमरे का ताला तोड़कर कमरे में रखी लोहे की अलमारी से सोने व चांदी के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के बाद कैंट पुलिस ने आरोपी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।