- नई दिल्ली-दौलतपुर चौक जनशताब्दी के कोचों में पसरी गंदगी, यात्रियों ने रेलवे के स्वच्छता दावों की खोली पोल
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नई दिल्ली से जिला ऊना और दौलतपुर चौक के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 12057/58 जनशताब्दी एक्सप्रेस में गंदगी का आलम है। कोचों में पसरी बदहाली और गंदगी के कारण यात्री परेशान हैं। वीआईपी मानी जाने वाली इस ट्रेन के डिब्बों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यात्रियों ने अब इसे धूलशताब्दी कहना शुरू कर दिया है।
ट्रेन में सफर करने वाले दैनिक यात्री अरुण कोशल, जगतार सिंह, योगेश कुमार व प्रभजोत ने बताया कि ट्रेन के भीतर सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि कोचों के फर्श और सीटों पर धूल की मोटी परत जमा है। सबसे बुरा हाल खिड़कियों का है, धूल और मिट्टी की वजह से यात्रियों के लिए बाहर देखना मुश्किल हो गया है। लंबी दूरी की इस यात्रा में स्वच्छ हवा तो दूर, धूल के कण एलर्जी और श्वसन संबंधी रोगों से जूझ रहे यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। यात्रियों का कहना है कि किराया शताब्दी स्तर का लिया जाता है, लेकिन सुविधाएं पैसेंजर ट्रेन जैसी भी नहीं मिल रहीं। खिड़कियों से बाहर कुछ दिखाई नहीं देता और सीटें इतनी गंदी हैं कि बैठना मुश्किल है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
सैकड़ों यात्रियों ने बदहाल कोचों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रेल मंत्रालय और उत्तर रेलवे के आला अधिकारियों को घेरा है। यात्रियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो वाशिंग लाइन पर कोचों की धुलाई हो रही है और न ही रास्ते में ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग की टीम सक्रिय दिखाई देती है
ट्रेनों की सफाई नियमित रूप से की जाती है, फिर भी कहीं कोई समस्या है तो इसे चेक करवाया जाएगा और समस्या का समाधान भी करवाया जाएगा, ताकि यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो सके।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल