संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। जय पब्लिक स्कूल गुरुकुल में आयोजित निशा खेल प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें जय पब्लिक स्कूल गुरुकुल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टग ऑफ वॉर यानी रस्साकशी और वॉलीबाल में पहला स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निशा के अध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा और विशिष्ट अतिथियों ने टॉस करवाकर किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एंजेल पब्लिक स्कूल और सेंट जोसेफ स्कूल के बीच हुआ। इसमें एंजेल पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टग ऑफ वॉर यानी रस्साकशी के अंडर-14 वर्ग में जय पब्लिक स्कूल गुरुकुल ने एसबीएन हसनपुर को हराकर पहला स्थान हासिल किया।
वहीं अंडर-17 वर्ग में भी गुरुकुल की टीम ने मिकी मॉडल स्कूल को शिकस्त देकर दोहरा खिताब अपने नाम किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में सेम्फोर्ड स्कूल ने सिग्नस हाई स्कूल को हराकर बाजी मारी। वहीं अंडर-17 वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में जय पब्लिक स्कूल गुरुकुल ने फारूका खालसा स्कूल को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया।
खेल सिखाते हैं संघर्ष और अनुशासन : डॉ. नीलम
जय पब्लिक स्कूल गुरुकुल की प्रधानाचार्या डॉ. नीलम जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, हमारे विद्यालय के लिए इस खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करना बेहद गर्व की बात है। खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और टीम भावना की नींव रखते हैं। इस अवसर पर अंबाला अध्यक्ष आशुतोष, खंड अध्यक्ष हरपाल सिंह, उप-प्रधानाचार्य बलराम आर्य, मुख्य आवासीय अधिकारी राजेश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अमित और खेल सचिव हिमांशु जोशी सहित अन्य उपस्थित रहे।