फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: वाहन के पंजीकरण में मिली अनियमितता, मालिकों को थमाए नोटिस

विज्ञापन
अंबाला छावनी ​स्थित उपमंडल भवन। संवाद - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

अंबाला। अंबाला छावनी में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वाहनों के पंजीकरण से जुड़े मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पंजीकरण में अनियमितताओं के संदेह के चलते 200 से अधिक वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इन नोटिसों के जरिये वाहन मालिकों से पूछा गया है कि उनके वाहनों का पंजीकरण क्यों न रद्द किया जाए। प्रशासन ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 55(5) के तहत जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित वाहनों का पंजीकरण रद्द किया जा सकता है।
विज्ञापन

अंबाला सदर थाना प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि छावनी के पंजीकरण प्राधिकरण-सह-उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कार्यालय की ओर से उन वाहन मालिकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनके वाहन संदिग्ध या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत होने के संदेह में हैं। नोटिस पंजीकृत डाक के माध्यम से वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र में दर्ज पते पर भेजे जा रहे हैं। वाहन मालिकों को निर्धारित अवधि में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-
जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आईं अनियमितताएं

नोटिस के अनुसार, उपायुक्त अंबाला के आदेश पर गठित समिति ने 30 मार्च 2026 को अपनी अंतरिम निरीक्षण रिपोर्ट सौंपी थी। समिति ने एसडीएम अंबाला छावनी कनिका गोयल के पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की। इसमें सामने आया कि बीते एक वर्ष में पंजीकृत कई वाहनों के मालिकों का स्थायी पता अंबाला जिले या हरियाणा से बाहर के क्षेत्रों का है। प्राधिकरण ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 40 का हवाला दिया है। इसके तहत हर वाहन मालिक को उसी पंजीकरण प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में वाहन पंजीकृत कराना होता है, जहां उसका निवास या कारोबार का वह स्थान है, जहां वाहन सामान्य रूप से रखा जाता है। प्राधिकरण का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पंजीकरण गलत, अधूरे या संदिग्ध दस्तावेजों और तथ्यों को छिपाकर कराया गया। धारा 55(5) के प्रावधानों के मुताबिक, यदि पंजीकरण प्राधिकरण संतुष्ट हो जाए कि पंजीकरण किसी महत्वपूर्ण बिंदु पर गलत दस्तावेजों या तथ्यों के आधार पर हुआ है, तो वह मालिक को अपना पक्ष रखने का अवसर देकर लिखित कारण दर्ज करते हुए पंजीकरण रद्द कर सकता है। नोटिस पंजीकृत डाक के जरिये प्रमाणपत्र में दर्ज पते पर भेजे जा रहे हैं। नोटिस में वाहन मालिकों को निर्धारित अवधि में जवाब देने को कहा गया है। जवाब संतोषजनक न होने पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-
213 वाहनों की पहचान, टैक्स चोरी की आशंका
अंबाला छावनी के एसडीएम कार्यालय में कुछ माह पहले वाहन पंजीकरण में बड़े स्तर पर अनियमितताओं का मामला सामने आया था। जांच में तमिलनाडु और नगालैंड सहित बाहरी राज्यों के वाहनों को अंबाला के कथित फर्जी पतों पर पंजीकृत किए जाने की बात सामने आई थी। जांच समिति के अनुसार, अब तक 213 वाहनों की पहचान की गई है, जिनका पंजीकरण कथित तौर पर धोखाधड़ी से कराया गया। आरोप है कि हरियाणा में कम पंजीकरण शुल्क का लाभ उठाने और टैक्स बचाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया। अनुमान के मुताबिक, प्रति वाहन एक से दो लाख रुपये तक की अवैध वसूली हुई। जांच में केपी कंस्ट्रक्शन के नाम पर दर्ज हाइड्रोलिक मोबाइल क्रेन के मामले में गांव में कंपनी नहीं मिलने की बात सामने आई। क्रेन का वास्तविक मालिक तमिलनाडु का निवासी बताया गया। इसी तरह एसआर क्रेन सर्विसेज के नाम पर दर्ज एक अन्य क्रेन का मालिक कोयंबटूर का निवासी पाया गया।

-
मामले में अभी रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
- धर्मवीर, प्रभारी, थाना अंबाला सदर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें