अंबाला सिटी। प्रशासन की लेट लतीफी और लापरवाही आमजन पर भारी पड़ सकती है, मानसून के आने से पहले ट्विनसिटी के बड़े नालों को साफ करने का कार्य अभी तक भी शुरू नहीं हुआ है। यहां तक कि कर्मचारी अधिकारियों की बात तक सुनने के लिए तैयार नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों उपायुक्त ने स्वयं संबंधित अधिकारियों के साथ ट्विनसिटी के नालों का दौरा किया था। साथ ही जल्द ही सभी नालों की सफाई का कार्य शुरू करते हुए उसे जल्द से जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम भी दिया था। इसके बाद स्वयं निगम आयुक्त विरेंद्र लाठर भी पूरी टीम के साथ मैदान पर उतरे थे और नालों का दौरा करते हुए कर्मचारियों को नालों की सफाई का काम शुरू करने के आदेश दिए थे। बावजूद इसके न केवल सिटी बल्कि कैंट के अधिकतर नाले गंदगी से पूरी तरह अटे हुए दिखाई दे रहे हैं हैं, हालात यह है कि अगर मानसून से पहले भी थोड़ी बारिश आती है ट्विनसिटी का जलमग्न होना तय है। नालों की स्थिति को देखते हुए आमजन में भी डर बना हुआ है। आमजन का भी कहना है कि अगर नालों की स्थिति ऐसी ही रही तो अंबाला हमेशा की तरह इस बार भी डूबने की कगार पर पहुंच जाएगा।
बाक्स
यह रही कैंट के नाले
अमर उजाला टीम ने जब नालों की स्थिति जानी इसमें रामबाग रोड स्थित बड़ा नाला पूरी तरह से पॉलिथीन और गोबर से अटा हुआ था, इसके बाद जब टीम 12 क्रॉस रोड स्थित ग्वालमंडी पहुंची तो यहां बने नाले की हालत भी काफी दयनीय दिखाई दी। यह नाला भी पूरी तरह से पॉलिथीन से अटा पड़ा था, हालात यह थे कि पानी तक दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद टीम मोहड़ा मंडी एफसीआई गोदाम के पास पहुंची। यह नाला भी झाड़ियों और गाद से पूरी तरह से अटा पड़ा था। इसके बाद टीम रेलवे रोड के पिछली तरफ नाले के पास पहुंची इस नाले की स्थिति भी ऐसी ही दिखाई दी। कच्चा बाजार से गुजर रहा नाला भी गंदगी से अटा पड़ा था। बस स्टैंड के पास स्थित नाले की सफाई भी अभी तक नहीं हुई थी। ऐसी ही स्थिति महेशनगर के पास से गुजर रहे नाले की भी दिखाई दी और छावनी के अन्य नाले भी गंदगी से अटे होने के कारण जलभराव की स्थिति को आमंत्रण दे रहे हैं।
------------------------
यह रही सिटी के नालों की स्थिति
सिटी के नालों की स्थिति भी कुछ अच्छी नहीं थी। टीम जब नदी मोहल्ला स्थित नाले के पास पहुंची तो नाला पूरी तरह से गंदगी से अटा हुआ दिखाई दिया, इसके बाद शहर अनाज मंडी के पास से गुजर रहा नाला भी ऐसे ही पॉलिथीन और गाद जमी हुई थी, हालात यह थे कि अगर थोड़ा सा पानी भी नाले में आ जाए तो वह ओवरफ्लो हो जाएगा। वहीं मानव चौक के शक्तिनगर के साथ रोड के पास से गुजर रहा नाला भी गंदगी से अछूता नहीं दिखाई दिया, जो कि पूरी तरह से गंदगी से अटा हुआ था और साफ दिख रहा था कि कर्मचारियों द्वारा इस नाले की सफाई कई महीनों से नहीं की गई है। वहीं इंको पुल के पास से गुजर रहे मुख्य नाला भी गाद से भरा पड़ा दिखाई दिया। ऐसी ही स्थित शहर के अन्य नालों की भी रही।
---------------------------
मेरी ओर से पिछले दिनों नालों की सफाई को लेकर दौरा किया गया था, अधिकारियों को नालों की सफाई को लेकर आदेश दिए गए हैं। जल्द ही सफाई का कार्य पूरा हो जाएगा।
- विरेंद्र लाठर, निगम आयुक्त, अंबाला।
-------------------