अंबाला। एनआईसी कार्यालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक हुई। यह बैठक एसडीएम सतिंद्र सिवाच ने ली। उन्होंने संबंधित विभागों को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने और हेलमेट व सीट बेल्ट उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
साथ ही शिक्षा, पुलिस और परिवहन विभाग को युवाओं और स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान आयोजित करने को कहा।
सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की : बैठक में सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एनएचएआई की ओर से बलदेव नगर से नारायणगढ़-काला आंब रोड की मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाने की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
साहा मेन रोड, केसरी-बजीदपुर, राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स, वाटिका सिटी, जनसुई बस स्टैंड, मटहेड़ी शेखां, रूपो माजरा, शहजादपुर-अंबाला रोड और नारायणगढ़ रोड के कार्यों की जानकारी लेते हुए, जो कार्य लंबित है, उनकी मरम्मत व पैच वर्क को पूरा करने के निर्देश दिए गए। चयनित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की गहन समीक्षा भी की गई।