अंबाला। अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन ने वीरवार को नगर परिषद प्रतिनिधियों व स्कूल, कॉलेजों के प्राचार्य की बैठक बुलाई। इसमें कानून व यातायात व्यवस्था के अलावा चोरी की घटनाओं और युवाओं को अपराध व नशे से बचाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे गए। उन्होंने प्राचार्य से संवाद करते सुरक्षित स्कूल परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्कूली बसों व अन्य निजी वाहनों के चालकों का पुलिस सत्यापन करवाने व उनके दस्तावेजों की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को सभी प्रतिनिधियों की ओर से विस्तार से रखा गया। विशेष रूप से प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीरता से उठाया गया। इस पर आईजी पंकज नैन ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। पुलिस की ओर से महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैंं। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को अपने वार्ड में कैमरे लगाने के लिये प्रेरित किया।
-
स्कूलों व कॉलेजों में नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाने की पहल करने बारे कहा
प्रधानाचार्यों ने स्कूल व कॉलेज परिसरों के आसपास पुलिस उपस्थिति बढ़ाने के अनुरोध पर पुलिस महानिरीक्षक अंबाला ने अवगत करवाया कि नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है जिसे और सुदृढ़ किया जाएगा। छात्रों को अधिक से अधिक खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करें, जिससे उन्हें अपराध तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सके। स्कूलों में नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाकर सकारात्मक और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में पहल की जाए।
-
बांग्लादेशियों व किसी संदिग्ध की सूचना देने की अपील की
आईजी पंकज नैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस को सुचित किया जाए। अपने-अपने क्षेत्रों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों विशेषकर संदिग्ध राष्ट्रीयता (जैसे अवैध बांग्लादेशी) की जानकारी स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराएं ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा सके।