अंबाला। कैंसर की शर्तिया दवा दिलाने के नाम पर फैक्टरी संचालक को 2 करोड़ 40 लाख रुपये का चूना लगाया गया। यह दवा नेपाल में मिलने वाले दो मुंहे सांप से बनने का हवाला दिया गया था। दो साल से चल रहे घटनाक्रम में न तो दवा दी और न ही पैसे लौटाए गए। उल्टे जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी की गिरफ्तारी का पता लगने के बाद भुक्तभोगी ने पुलिस से संपर्क किया तब मामला सामने आया। महेशनगर थाने में 11 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी पर बलदेव नगर थाने में पहले भी इसी प्रकार की ठगी का मामला दर्ज है।
सुभाष कॉलोनी के संजय कुमार की रामपुर-सरसेहड़ी मोड़ पर पुननर्वा आयुर्वेदिक कंपनी है। वे दवाएं और हर्बल जूस बनाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पास सिंघावाला का रणजीत सिंह उर्फ जसवंत सिंह उर्फ मलवई दवा लेने आता था। फैक्टरी में बनाए गए क्लीनिक में कई डॉक्टर बैठते हैं। जनवरी, 2019 में एक दिन बातों की बातों में रणजीत ने बताया कि उसके कई साथी कैंसर और ताकत की दवाएं बनाते हैं। यह दवा दो मुंह वाले सांप से बनती है। दवा उनकी फैक्टरी के लिए काफी कारगर रहेगी। दवा महंगी बताई। हामी भरने पर रणजीत अपने कई साथियों यमुनानगर के मुरसलीन, डॉ. जगदीश कंबोज, सहारनपुर के जसवंत उर्फ रिंकू सैनी, जोनी उर्फ अमित कुमार, राजेंद्र सिंह, हरप्रीत सिंह, मन्नु उर्फ गोल्डी, गाजियाबाद के राजेंद्र नागर, मोहाली के डॉ. विनोद कुमार और बाबरपुर के साथ क्लीनिक में आया। उन्हें बताया कि वह नेपाल से एक दुर्लभ दवा लाते हैं। करीब चार-पांच करोड़ के साथ खाली चेक और शपथपत्र देना होगा।
संजय ने कहा कि उसके पास केवल करीब ढाई करोड़ की राशि ही है। इस पर आरोपी मान गए। बोले की दवा दे देंगे, बकाया पैसे बाद में ले लेंगे। उन्होंने इधर-उधर से दो करोड़ 40 लाख रुपये एकत्रित करके उन्हें दे दिए। लेकिन इसके बाद दवा नहीं मिली। जब भी बात होती तो आरोपी बहाना बनाते थे कि नेपाल में ज्यादा बर्फ पड़ने के कारण दो मुंह वाले सांप बाहर नहीं निकल रहे हैं, जैसे ही मिलेंगे, उन्हें दे देंगे।
न तो पैसे दिए और न ही दुर्लभ दवा। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि एक मामले में आरोपी जसवंत को आर्थिक अपराध शाखा साहा ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस की मौजूदगी में उसकी पहचान की और केस दर्ज करवाया। महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश दलाल ने बताया कि इस मामले में 11 आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी इसी तरह दर्ज हुए हैं ठगी के दो मामले
इस तरह हुई थी डेढ़ करोड़ की ठगी
केस नंबर: 1
कैंसर की शर्तिया दवा के नाम पर इससे पहले 21 जून को महेश नगर थाने में ही केस दर्ज किया गया था। इसमें टाइल कारोबारी संजीव कुमार से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सरसावा वासी मन्नु उर्फ गोल्डी को जुलाई माह में काबू किया था। इसके अलावा पुलिस ने विनोद कुमार, बब्बर भान, हरप्रीत, राजिंद्र नागर व दो अन्य पर मामला दर्ज किया था।
केस नंबर 2
इस तरह हुई थी 30.30 लाख की ठगी
इसी तरह 17 जून को बलदेव नगर थाने में कैंसर की दवा के नाम पर 30.30 लाख की ठगी का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस मामले में यमुनानगर के छछरौली वासी बिजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था।
17 जून को राजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी घास मंडी में पर्दों की दुकान है। इसके अलावा उनका इकोनोर हेल्थ केयर सेंटर भी है। दुकान पर लंबे समय से सिंघावाला के रणजीत सिंह पर्दों की खरीद के लिए आता था। उसने बताया कि यमुनानगर का बिजेंद्र कैंसर की शर्तिया दवा देता है। यह अति दुर्लभ दवा है। सैकड़ों मरीज ठीक हो चुके हैं। राजीव झांसे में आ गया और 30.30 लाख रुपये दे दिए। लेकिन न दवा मिली न ही आरोपियों ने रुपये लौटाए।