अंबाला। छावनी के एसडी कॉलेज में शनिवार को पांचवीं पुष्प प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में फ्लावर और प्लांट्स वर्ग में सुभाष कॉलोनी की निशी गुप्ता, कैक्टस वर्ग द एसडी स्कूल के रामअवध प्रथम रहे। पॉट डेकोरेशन वर्ग में सनातन धर्म कॉलेज अंबाला कैंट के अक्षय, ड्रीम कैचर और बर्ड फीडर वर्ग में सेसिल कॉन्वेंट स्कूल मंजिल ने बाजी मारी।
प्रदर्शनी का शुभारंभ गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद गीत ‘देखो मैंने देखा है एक सपना, फूलों के शहर में हो घर अपना’ के माध्यम से बताया कि हम लोग शुरू से ही प्रकृति प्रेमी रहे हैं। इस प्रदर्शनी में अलग-अलग जगह से आए प्रतिभागियों ने तीन सौ से भी अधिक प्रविष्टियां जमा करवाई। प्रदर्शनी में फ्लावर, कैक्टस, प्लांट्स तीन वर्ग रहे। फ्लावर वर्ग में फूल सनफ्लॉवर, चंपा, प्लुमेरिया, बनफूल, पोस्ता, पॉपी, तारक पुष्प, डेफोडिल, गुलाब, गुलमोहर जैसे अनेकों सुंदर फूलों के गमले लाकर सजाए। प्लांट्स में भिन्न भिन्न प्रकार के फल, सब्जियों, हर्बल और सजावट के पौधे देखने को मिले।
प्रदर्शनी में फ्लावर वर्ग में प्रथम स्थान पर सुभाष कॉलोनी से निशी गुप्ता, द्वितीय स्थान पर आर्यन चौहान बीपीएस स्कूल अंबाला कैंट और कैक्टस वर्ग में प्रथम स्थान पर राम अवध द एसडी विद्या स्कूल अंबाला कैंट, द्वितीय स्थान पर यश एसडी कॉलेजअंबाला कैंट रहे। प्लांट्स वर्ग में प्रथम स्थान पर सुभाष कॉलोनी से निशी गुप्ता, द्वितीय स्थान पर राम अवध द एसडी विद्या स्कूल अंबाला कैंट और पॉट डेकोरेशन में वर्ग में प्रथम स्थान पर अक्षय सनातन धर्म कॉलेज अंबाला कैंट, द्वितीय स्थान पर दीपांशी शर्मा तुलसी कॉलेज ऑफ एजुकेशन रही। ड्रीम कैचर और बर्ड फीडर वर्ग में प्रथम स्थान पर मंजिल पाब्बी सेसिल कॉन्वेंट स्कूल, द्वितीय स्थान पर मोनिका मेजर आरएनकपूर स्कूल से रही। इस कार्यक्रम में गणित विभाग के प्रो. एवं एसोसिएशन इंचार्ज चिराग ओबरॉय, प्रो. ईशा, प्रो. मनीषा, प्रो. यशप्रीत, गणित एसोसिएशन के सभी सदस्य शामिल रहे।
कॉलेज प्रबंधन को दस लाख देने की घोषणा की
गृहमंत्री अनिल विज ने छावनी में पर्यावरण को बढ़ावा देने एवं लोगों को फूलों एवं पर्यावरण के प्रति प्रेरित करने के लिए एसडी कॉलेज की ओर से आयोजित की जाने वाली जागरूकता गतिविधियां 10 लाख रुपये कॉलेज प्रबंधन को देने की घोषणा की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजिंद्र राणा व गणित विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन गुलाटी ने मंत्री विज को तुलसी का पौधा दिया। अंबाला म्यूजिकल क्लब के बेहतरीन गायकों के द्वारा कार्यक्रम को सुरमई बना दिया गया। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में संगीत जगत के महान पाश्व गायक मोहम्मद रफी एवं भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री विज ने संजीव भूटानी एवं राधिका ग्रोवर को उनकी बेजोड़ गायकी के लिए 31- 31 हजार की राशि इनाम स्वरूप देने की घोषणा की