शहजादपुर पुलिस ने बुधवार को नकली देशी शराब की फैक्टरी का भंड़ाफोड़ किया है। सूचना पाकर पुलिस ने एक गोदाम में दबिश दी तो भारी मात्रा में देशी शराब के अलग-अलग ब्रांड की सैकड़ों पेटियां पड़ी हुई थीं। शराब बनाने की मशीनों से लेकर आरओ, बड़े-बड़े ड्रम, कार्टून से लेकर केमिकल व खाली बोतलें व ढक्कन बरामद हुए। चौंकाने वाली बात यह है कि इस फैक्टरी में केवल हरियाणा ब्रांड हीर सौंपी व संतरा ही नहीं बल्कि पंजाब के माल्टा ब्रांड पैकिंग की शराब की बोतलें भी मिली हैं।
यह पुलिस व एक्साइज विभाग की संयुक्त दबिश थी। रात 12 बजे तक पुलिस की टीम द्वारा बरामद की पेटियों की गिनती की जा रही है। वहीं मौके से चाय छन्नी भी मिली जिससे शराब को छानकर बोतलों में भरा जाता था।
युवकों को भी पुलिस ने किया राउंडअप, मास्टर माइंड की तलाश
बताया जा रहा है कि शहजादपुर पुलिस ने कुछ युवकों को भी फैक्ट्री से राउंडअप किया है। हालांकि अभी कोई गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। पुलिस इन युवकों के जरिये फैक्ट्री
के मास्टर माइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।