माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। कपड़ा मार्केट सहित आसपास के बाजारों में त्योहारी सीजन शुरू होते हुए लोगों को आवाजाही बढ़ने लगी है, ऐसे में कपड़ा मार्केट में जाम न लगे इसके लिए पुलिस ने छह रास्तों पर बैरिकेड लगा दिए हैं। यहां पर होमगार्ड के जवानों की तैनाती भी कर दी गई है।
लोग यहां से गाड़ी लेकर निकल सकते हैं मगर किसी की गाड़ी से जाम लगा तो चालान करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चालानिंग अफसर को अग्रसेन चौक पर तैनात कर दिया गया है, जैसे ही जाम लगने की सूचना बाजार से मिलेगी वैसे ही चालानिंग अफसर गाड़ी का चालान करने निकल पड़ेंगे, इसके लिए एक गाड़ी भी उन्हें दी गई है। बैरिकेड तो पहले ही लगा दिए गए थे, मगर गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर वीरवार को ही पुलिस बलों को कुरुक्षेत्र भेज दिया गया।
जिससे बाजार में कुछ व्यवस्थाएं जरूर दिखाई दीं, वहीं अग्रसेन चौक से लेकर हनुमान चौक तक रास्ता वन वे कर दिया गया है।
बाजार में गाड़ी खड़ी मिली तो क्रेन ले जाएगी : ट्रेफिक पुलिस ने बाजार के पास ही अपनी दो क्रेनों को तैनात कर दिया है। अगर किसी ने बाजार के रास्ते में गाड़ियों को पार्क किया तो क्रेनों की मदद से गाड़ियों को उठाकर ले जाया जाएगा। इसके बाद गाड़ी को छुड़ाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यातायात पुलिस पहले ही अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सचेत कर रही है कि बाजार के पास बनी पार्किंग में तय स्थान पर ही गाड़ी खड़ी करें। इसके अलावा पुलिस कर्मियों को भी विभिन्न स्थानों पर खड़ी गाड़ियों के चालान करने के निर्देश दिए गए हैं।