अंबाला। पत्नी ने बड़ी बहन के पैर नहीं छुए तो नाराज पति ने उसके साथ मारपीट की। जब इस संबंध में पत्नी ने पुलिस से शिकायत की तो आरोपी पति ने फंदा लगा सुसाइड की धमकी दी। मामले में विवाहिता की शिकायत पर पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंबाला कैंट की हरि नगर निवासी विवाहिता ने बताया कि दो मार्च 2020 को राम किशन कॉलोनी निवासी व्यक्ति के साथ शादी हुई थी। तब से अब तक उसका पति कई बार उसके और परिजनों के साथ झगड़ा कर चुका है। पीड़िता ने बताया कि पिछले दिनों उसकी बड़ी ननद उनके घर आई थी। उसने अपनी ननद की पूरी इज्जत भी की, लेकिन ननद ने पति को बोला कि मेरे पैर नहीं छुए हैं। इसी बात पर पति ने मारपीट शुरू कर दी। विवाहिता ने बताया कि उसने अपने परिजनों और डायल 112 पर कॉल करके मारपीट की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके पति को थाने में बुलाया था। इससे नाराज पति ने उसके साथ गाली गलौज की और फंदा लगाकर आत्महत्या की धमकी दी। विवाहिता की शिकायत पर महेश नगर थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ धारा 323, 498ए, 406, 506, 34 सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।