अंबाला। 100 साल पुराने रेलवे ओवरब्रिज (पुल) को कंडम घोषित कर दिया है और इसे जल्द ही हटाने काम शुरू किया जाएगा। पुल का इस्तेमाल लगभग डेढ़ साल से बंद है।
यह पुल प्लेटफार्म नंबर एक के अंतिम छोर पर बने आरएमएस ऑफिस के साथ बना है, जोकि रेलवे कॉलोनी की तरफ जाता है। पिछले दिनों रेल प्रबंधक ने जब अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था तो इस पुल के संबंध में भी मंत्रणा हुई थी और फैसला किया गया था कि कंडम हो चुके इस पुल को हटाने का काम शुरू किया जाए, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पुल को हटाने को लेकर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। यह पुल रेलवे लाइन नंबर एक से लेकर 11 पर बना है जोकि रेलवे शेड की तरफ जाती है और प्लेटफार्म एक से लेकर सात तक सभी इसकी हद में हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार इस पुल को हटाने के लिए रेलवे की तरफ से ब्लॉक लिया जाना है ताकि पुल को सही व सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके और इस दौरान ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित न हो। वहीं, स्टेशन अधीक्षक राम चानना ने बताया कि अभी पुल के हटाने को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। यह कार्य इंजीनियरिंग विभाग की ओर से होगा।