अंबाला। ट्रेनों के जरिए मानव तस्करी हो रही है। बिहार, उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों के मासूमों को एक से दूसरे राज्य भेजा जा रहा है। वीरवार को मानव तस्करी का आरपीएफ व रेलवे चाइल्ड लाइन टीम ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत भंडाफोड़ किया। बिहार से लुधियाना जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस से चाइल्ड ट्रैफिकिंग के तहत 22 बच्चों को टीम ने रेस्क्यू किया। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान गिरोह का सरगना फरार हो गया। रेस्क्यू किए बच्चों की उम्र 14 से 18 वर्ष से बीच है। इन बच्चों से पंजाब में मजदूरी करवाई जानी थी। इन सभी को अलग से टिकट भी दी गई थी।
जानकारी के अनुसार पंजाब रेलवे चाइल्ड लाइन टीम से छावनी जंक्शन पर तैनात रेलवे टीम को सूचना मिली थी कि न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर की तरफ जा रही ट्रेन नंबर 02407 में चाइल्ड ट्रैफिकिंग हो रही है। कटिहार रेलवे स्टेशन से लगभग 30 बच्चों को लुधियाना ले जाया जा रहा है। उनका सरगना भी साथ है। मासूमों को किसी से बात करने से मना किया गया है। इसलिए ट्रेन के अंबाला पहुंचने पर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाए और बच्चों को सुरक्षित स्टेशन पर उतारा जाए। मामला गंभीर था, इसलिए टीम सदस्यों ने तुरंत इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों सहित आरपीएफ को दी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम का गठन किया और ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंचते ही रेस्क्यू अभियान चलाया। ट्रेन का ठहराव सिर्फ 5 मिनट का था तो 2-3 कोच से सिर्फ 22 बच्चों को ही संरक्षण में लिया जा सका। अन्य की जानकारी टीम द्वारा लुधियाना रेल चाइल्ड टीम को दी गई और कुछ बच्चों को लुधियाना स्टेशन पर रेस्क्यू किया गया।
इस तरह सीटों पर बिठाए गए थे मासूम
सूचना भेजने वाले गुप्तचर ने चाइल्ड ट्रैफिकिंग के तहत कर्मभूमि में सफर कर रहे प्रत्येक बच्चे की जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से साझा की। इसमें कोच नंबर और सीट नंबर तक की जानकारी दी गई। व्हाट्सएप में बताया गया कि 30 बच्चे, ट्रेन नंबर 02407 से लुधियाना जा रहे हैं। बच्चे अलग-अलग कोच में बैठे हैं। कोच नंबर डी-9 सीट नंबर 70 से 75 से लेकर 2 बच्चे,डी-12 सीट नंबर 60 से 65 में 4 बच्चे, डी-13 सीट नंबर 10 से 20 में 4 बच्चे,डी-13 सीट नंबर 60 से 70 में 10 बच्चे, एस-1 सीट नंबर 1 से 10 से में 4 बच्चे,डी-14 सीट नंबर 35 से 40 में 4 बच्चे,डी-1 सीट नंबर 65 से 70 में 2 बच्चे,डी-14 सीट नंबर 50 से 60 में 2 बच्चे,डी-3 सीट नंबर 45 से 50 में 2 बच्चे व कोच नंबर डी-2 सीट नंबर 10 से 16 के बीच 2 बच्चे सफर कर रहे हैं।
काउंसलिंग के दौरान सामने आएगी सच्चाई
पंजाब रेलवे चाइल्ड लाइन से जानकारी मिली थी कि ट्रेन नंबर 02407 न्यूजलपाईगुड़ी-अमृतसर कर्मभूमि एक्सप्रेस में चाइल्ड ट्रैफिकिंग के तहत 30 बच्चों को लुधियाना ले जाया जा रहा है। सभी को छावनी जंक्शन पर रेस्क्यू किया जाए। आरपीएफ के साथ साझा की गई और संयुक्त टीम ने ट्रेन के छावनी जंक्शन पहुंचने पर अलग-अलग कोच से 22 बच्चों को रेस्क्यू किया। इनमें 4 बच्चे 18 वर्ष से कम हैं। बच्चों का मेडिकल करवाकर काउंसलिंग रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
-राकेश चोपड़ा, कोऑर्डिनेटर, रेलवे चाइल्ड टीम।