मुलाना। मुलाना-सोहाना मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में थंबड़ गांव निवासी इशू (25) की जान चली गई। बाइक और बोलेरो के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गई। हादसे में जान गंवाने वाला इशू अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। मुलाना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएम अस्पताल मुलाना भिजवा दिया है। पुलिस ने बोलेरो चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विदेश से वापस लौटा था मृतक इशू
थंबड़ गांव निवासी इशू चौहान शुक्रवार दोपहर मुलाना से सोहाना गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पावर हाउस के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इशू उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि 25 वर्षीय इशू इकलौता बेटा था। उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और वह अभी अविवाहित था। वह कुछ समय पहले ही विदेश से वापस लौटा था और वर्तमान में बराड़ा में रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित एक फ्लेक्स बोर्ड बनाने वाली फैक्टरी में काम कर रहा था।
मृतक इशू की फाइल फोटो- फोटो : अमर उजाला