अंबाला। होली पर्व के लिए बाजार में विभिन्न तरह के रंग और पिचकारी आई हुई हैं। इस बार बाजार में मैजिक गिलास ने ग्राहकों को आकर्षित किया है। क्योंकि इसे खरीदने के बाद अलग से रंग खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह जादुई गिलास पानी के संपर्क में आते ही रंग छोड़ने लगता है। यह मैजिक गिलास लोगों की काफी पसंद बना हुआ है। इसके साथ ही पिस्टल वाली प्रैंक पिचकारी और फाउंटेन पिचकारी ने खास जगह बनाई है।
50 रुपये में एक पीस उपलब्ध : बाजार में पहली बार आए मैजिक गिलास की खासियत यह है कि इसमें जैसे ही सादा पानी डाला जाता है, यह तुरंत रंगीन हो जाता है। इसमें मुख्य रूप से नारंगी, पीले और नीले जैसे रंग उपलब्ध हैं। ग्राहकों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि एक ही गिलास का उपयोग करीब 25 बार तक किया जा सकता है, जो इसे किफायती और रोमांचक बनाता है। इस गिलास की कीमत की बात करें तो एक बॉक्स में 10 गिलास उपलब्ध हैं, जिसकी कीमत 500 रुपये तय की गई है, वहीं फुटकर में एक पीस 50 रुपये में आसानी से मिल रहा है।