संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। किसानों के भारत बंद के आह्वान का जिले में मिला-जुला असर रहा। बाजारों में जहां आने-जाने वाले लोगों को पूरी छूट थी, वहीं राजमार्ग 10 घंटे तक पूरी तरह से जाम रहे। इस दौरान इक्का-दुक्का वाहन ही राजमार्ग पर गुजर रहे थे। जिलेभर में सुबह-सुबह तो अधिकतर दुकानदारों ने दुकानें खोल ली थी, जब किसानों ने फ्लैग मार्च निकालते हुए दुकानदारों ने निवेदन किया तो उसके बाद दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए।
इस दौरान 47 ट्रेनें प्रभावित रही और हरियाणा रोडवेज की 120 बसों के पहिए पूरी तरह से थमे रहे। शहर के जगाधरी गेट, पुरानी अनाज मंडी व अन्य चौक चौराहों पर किसानों ने विरोध जताया। छावनी के फुटबॉल चौक पर किसानों ने पहले विरोध जताया और फिर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
वहीं बराड़ा के गांव उगाला, हेमा माजरा, खान अहमदपुर और नारायाणगढ़ में शहजादपुर, छज्जूमाजरा, कड़ासन, शहजादपुर शुगर मिल के सामने, अग्रसेन चौक, साहा चौक पर किसानों ने जाम लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेेबाजी की। किसानों ने इमरजेंसी सेवाओं को नहीं रोका। एंबुलेंस, फूल लेकर हरिद्वार जाने वाले, एयरपोर्ट जाने वाले और शादी की गाड़ियों को बिना रोके जाने दिया।