अंबाला सिटी। दमकल विभाग के कर्मचारियों को बच्चे और अन्य शरारती तत्व कहते हैं कि, हैलो अंकल कपूरी के गांव में स्थित फैक्ट्री में आग लग गई है। जल्द यहां पर आ जाओ। जब दमकल विभाग की गाड़ी वहां पर पहुंची तो पता चला कि यहां पर इस प्रकार की काेई फैक्ट्री ही नहीं है। जब दमकल कर्मियों ने उस नंबर पर फोन किया तो सामने से युवक ने कहा कि बच्चों ने गलती से कॉल कर दी थी। जिसके बाद टीम को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
एक तरफ आग की बढ़ती घटनाओं से दमकल विभाग 24 घंटे अलर्ट पर है तो वहीं इसी बीच आने वाले फर्जी आग की कॉल कर्मचारियों का समय खराब कर रही हैं। आलम यह है कि बीते सात दिनों में आठ फर्जी कॉल आ चुकी है। इसमें बच्चे और अन्य शरारती तत्व आग लगने का बहाना करके दमकल विभाग में फर्जी कॉल कर रहे हैं। कॉल आने के बाद जैसे ही दमकल कर्मियों की टीम पहुंचती है तो उन्हें वहां पर कुछ नहीं मिलता। फर्जी कॉल के कारण कर्मचारियों को लगभग आधा घंटा खराब हो जाता है। ऐसे में दूसरी जगह आग बुझाने को जाना हो तो कर्मचारियों के लिए परेशानी खड़ी हो जाती है।
कर्मचारियों की कमी भी खल रही
मई महीने तक सभी फायर कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं तो वहीं कर्मचारियों को 12- 12 घंटों की शिफ्ट पर लगाया गया है। दमकल विभाग के पास कुल 25 कर्मचारी हैं। जबकि विभाग में 20 से अधिक कर्मचारियों की ओर आवश्यकता है। एक गाड़ी पर चार से पांच कर्मचारियों को लगाया जाता है। जबकि फिलहाल आग की घटनाओं को देखते हुए एक गाड़ी पर दो कर्मचारियों को भेजा जा रहा है। आंकड़े देखें तो सिटी दमकल विभाग कार्यालय में रोजाना करीब 12 कॉल आती हैं। जिनमें से एक या दो कॉल फर्जी होती हैं।
20 दिन में 89 आग की घटनाएं
इन दिनों गेहूं के सीजन के चलते आग की घटनाएं अधिक सामने आ रही हैं। बीती एक अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल तक अंबाला सिटी, नग्गल और नारायणगढ़ क्षेत्र मिलाकर कुल 84 आगजनी के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें अंबाला सिटी में 62 घटनाएं, नारायणगढ़ में 18 घटनाएं तो वहीं नग्गल क्षेत्र में अभी तक चार आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस आंकड़े तो देखें तो रोजाना तीन से चार जगह आगजनी की घटनाएं सामने आ रही है। इन घटनाओं में ज्यादातर फसल व उनके अवशेषों के जलने की वारदातें शामिल हैं।
नारायणगढ़ सहित सिटी में 20 गाड़ियां
दमकल विभाग के पास जिला में कुल 20 गाड़ियांं हैं। जिसमें 10 हजार लीटर की एक, आठ हजार लीटर वाली तीन, 4500 लीटर वाली छह, एक वीआईपी डयूटी वाल, दो गाड़ी 7500 लीटर तो वहीं 5500 लीटर पानी वाली भी दो गाड़ियां मौजूद हैं। वहीं नारायणगढ़ सब फायर स्टेशन के पास पांच गाड़ियां है।
वर्जन
फर्जी कॉल आने से दमकल विभाग के कर्मचारियों का समय बर्बाद होता है। इसके साथ ही अन्य जगहों के कार्य भी प्रभावित होते हैं। इसलिए लोगों से अपील है कि इस प्रकार की फर्जी कॉल न करें।
-तरसेम राणा, मुख्य फायर अधिकारी अंबाला सिटी।