बराड़ा। शीतकालीन अवकाश में घर न भेजने पर एक बच्चे ने चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन पर फोन कर दिया। जैसे ही यह मामला बाल कल्याण समिति चेयरपर्सन रंजीता सचदेवा के संज्ञान में आया तो उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से इस मामले में दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से बराड़ा बीईओ को मामले की जांच के लिए लगाया गया है ताकि इस मामले की रिपोर्ट वह सबमिट कर सके।
जिले में अभी शीतकालीन अवकाश के कारण राजकीय व निजी स्कूल 15 जनवरी तक बंद हैं। स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगाई जा रही है। बराड़ा के एक स्कूल से बच्चे ने चाइल्डलाइन पर फोन किया कि उनको शीतकालीन अवकाश में स्कूल से घर नहीं भेजा जा रहा है। बच्चे ने स्कूल का नाम गुरुकुल जय पब्लिक स्कूल बताया है, जिसमें बच्चों के लिए आवासीय सुविधा है। बाल कल्याण समिति चेयरपर्सन रंजीता सचदेवा ने बताया कि शिकायत के बाद बाद उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा से मामले में बीईओ की ड्यूटी लगाकर दो दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। सोमवार को इस मामले से जुड़ी रिपोर्ट ली जाएगी।