अंबाला। अजमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए रामबीर को चार दिन के रिमांड के दौरान अंबाला एसटीएफ राजस्थान लेकर गई है। आरोपी को लेकर एसटीएफ रामबीर से जुड़े लोगों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर रामबीर ने किसके कहने पर कुरुक्षेत्र से पकड़े गए लॉरेंस बिश्नोई के शूटरों को टारगेट दिए थे व कौन-कौन उसके साथ संलिप्त है।
रामबीर को शनिवार कोर्ट में एक बार फिर पेश किया जाएगा। उधर, शूटरों को हथियार उपलब्ध करवाने के मामले में रांची से पकड़े गए आरोपी अमरजीत को भी एसटीएफ प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी। जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह था पूरा मामला
कुरुक्षेत्र में 19 दिसंबर को एसटीएफ ने पकड़े गए चार शूटर महेंद्रगढ़ के राता मोहल्ला निवासी नरेश कुमार व भालखी निवासी गगन व कैथल के दुधरेहड़ी गांव निवासी साहिल व राजस्थान के कोटपूतली जिला भगवाड़ी कलां निवासी जयंत कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से असलहा भी बरामद हुआ था। 10 दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों ने रामबीर व नितिन का नाम कबूला था। आरोपियों ने बताया कि जमानत पर छूटते समय उन्हें टारगेट दिया जाता है कि कहां क्या वारदात करनी है व कहां से असलहा मिलेगा।