अंबाला। महेश नगर निवासी ढाई साल के बच्चे सत्यम के गले में मूंगफली की गिरी फंसने के कारण हालत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत हुई तो परिजन बच्चे को लेकर छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों का हाथ पैर फूल गए। ऑपरेशन थिएटर से विशेषज्ञ डाक्टरों, सर्जन की मौजूदगी में बच्चे का चेकअप हुआ। बावजूद कोई सुधार न होने पर बच्चे का एक्स-रे करवाया। उसमें भी मूंगफली की गिरी नहीं दिखी तो बच्चे को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जहां वह उपचाराधीन है।
परिजनों का कहना था कि बच्चा घर में ही खेल रहा था। देखते ही देखते उसने मूंगफली की गिरी उठाकर मुंह में डाल ली। जैसे ही बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हुई तो परिजन अपने स्तर पर उसे निकालने का प्रयास करते रहे। फिर भी नहीं निकली तो अस्पताल लेकर भागे। डाक्टर का कहना था कि गिरी की सही जगह न पता होने के कारण परेशानी आ रही थी। चंडीगढ़ में मशीन के जरिए ही उसे निकाला जा सकेगा।