फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: युवक की मशीन में दबी अंगुलियों का उपचार करने के बजाए काटा, गृह मंत्री ने SP को सौंपी जांच

Sun, 28 Jan 2024 03:42 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला (हरियाणा)

सार

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने रविवार को अपने आवास पर प्रदेश के लोगों की शिकायतें सुनी। पानीपत में घर में आग लगाकर बच्चे की हत्या के मामले में गृह मंत्री ने एसपी पानीपत को जांच के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
शिकायतें सुनते गृहमंत्री अनिल विज। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साहब मेरा बेटा एक फैक्टरी में काम करता है। कुछ दिन पूर्व उनके बेटे की फैक्टरी में काम करते हुए तीन अंगुलियां मशीन में आने से दब गई थी। मशीन में अंगुली दबने के कारण फैक्टरी मालिक किसी प्राइवेट डॉक्टर के पास बेटे को ले गया। लेकिन डॉक्टर ने बेटे की तीन अंगुलियां काट दी, उनके बेटे को न तो सिविल या किसी अन्य बड़े अस्पताल में ईलाज के लिए ले जाया गया और अंगुलियां काटने से पहले फैक्टरी मालिक ने परिवार को भी कोई जानकारी तक नहीं दी।

विज्ञापन


उन्होंने मामले में पुलिस को शिकायत दी मगर पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। उक्त शिकायत अंबाला छावनी बीडी फ्लोर मील क्षेत्र में रहने वाले परिवार ने रविवार को गृहमंत्री को दी। विज ने मामले की गंभीरता और परिवार की पीड़ा को देखते हुए अंबाला एसपी को फोन पर निर्देश दिए कि वो इस मामले की जांच करवाएं ताकि सच्चाई सामने आ सके।

विज रविवार को अपने आवास पर प्रदेश के कोने-कोने से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इसी प्रकार पानीपत से आए परिवार ने गृह मंत्री को बताया कि उनके घर में कुछ आरोपियों द्वारा आग लगा दी गई थी, इसमें उनके बच्चे की जलने से मौत हुई थी तथा परिवार के पांच अन्य सदस्य झुलस गए थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज तो किया लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। गृह मंत्री ने पानीपत एसपी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


फौजी के घर की जमीन पर कब्जा
पलवल से आए सैन्य कर्मी व उसके परिवार सदस्यों ने गृह मंत्री को पलवल में उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने के आरोप लगाए। उनका आरोप था कि आरोपियों द्वारा उनकी दीवार भी तोड़ दी गई। मामले में केस दर्ज होने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हुई। गृह मंत्री ने एसपी पलवल को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कबूतरबाजी, एसआईटी करेगी कार्रवाई के निर्देश दिए
गृह मंत्री ने कबूतरबाजी के अलग-अलग मामलों में एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए। कैथल से आए फरियादी ने बताया कि उसके भाई को अरमेनिया भेजने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी एजेंट ने की। इसी तरह कुरुक्षेत्र से आए फरियादी ने पहले से ही दर्ज कबूतरबाजी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत दी, जबकि कैथल निवासी महिला ने अपने तीन बेटों को अमेरिका भेजने के नाम पर 47 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी।

अन्य मामलों पर कार्रवाई
भिवानी निवासी महिला ने कुछ लोगों द्वारा उससे मारपीट की शिकायत दी। इसी तरह डिफेंस कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने 60 हजार ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत, महेंद्रगढ़ निवासी व्यक्ति ने घर में चोरी के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने की शिकायत, बिलासपुर निवासी व्यक्ति ने उसके बेटे द्वारा आत्महत्या मामले में कोई कार्रवाई न होने की शिकायत, कुरुक्षेत्र निवासी परिवार ने उनकी नाबालिग बच्ची के लापता होने व अन्य शिकायतें आई। सभी पर गृह मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें