अंबाला सिटी। अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल को एक सप्ताह में सर्जरी करने के लिए हार्मोनिक स्केलपेल मशीन मिलेगी। इससे अस्पताल परिसर में जहां मरीजों को पेट से संबंधित ऑपरेशन में मदद मिलेगी और चिकित्सकों को भी सर्जरी में कम समय लगेगा। जिससे वे अधिक मरीजों की सर्जरी कर सकेंगे। पिछले लंबे समय से इस मशीन की मांग की जा रही थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग महानिदेशक की ओर से आदेश दिए गए है। अब यह मशीन अगले सप्ताह तक नागरिक अस्पताल अंबाला शहर में पहुंचेगी। यह मशीन जींद नागरिक अस्पताल से आएगी। वहां पर इस मशीन का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था। इसी के चलते मशीन को अंबाला लाने का फैसला लिया गया है।
-
तेजी से होंगे ऑपरेशन, रक्तस्राव रोकने में भी सहायक
डॉ अकुंश ने बताया कि कई बार पित्ते के ऑपरेशन में 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक का समय लगता है। लेकिन हार्मोनिक स्केलपेल मशीन के आने से एक घंटे में लगभग दो मरीजों की सर्जरी हो सकेगी। जिससे मरीजों का समय भी बचेगा और चिकित्सक भी अधिक मरीजों की सर्जरी कर पाएंगे। इसके साथ ही दूरबीन सर्जरी के दौरान आंतों में रक्तस्राव को रोकने में भी सहायक होगी। वहीं ऑपरेशन के दौरान कई बार पित्त और आंत को काटते हुए रक्तस्राव शुरू हो जाता है जिसे इस मशीन की सहायता से रोकने में मदद मिलेगी। इस मशीन से ऊतकों को भी सफाई से काटा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस मशीन की मांग बीते एक वर्ष से हो रही है। बाजार में यह मशीन 10 से 15 लाख रुपए तक की आती है। मशीन आने से ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा।
वर्जन
विभाग की ओर से निदेशालय को मशीन के लिए पत्र लिखा गया था। जिसके बाद डीजी हेल्थ के आदेशों पर शहर नागरिक अस्पताल में जींद से यह मशीन भेजी जाएगी। जिससे ऑपरेशन करने में आसानी होगी।
डॉ संगीता गोयल, पीएमओ, नागरिक अस्पताल शहर