संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अक्तूबर माह में जिले के राजकीय स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं करवाई जाएंगी। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग का शेड्यूल जारी हो चुका है। यह परीक्षा 24 अक्तूबर से शुरू होगी और नवंबर तक चलेंगी। इन परीक्षा की तैयारी के लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को पाठ्यक्रम की रिविजन करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षाओं में विद्यार्थी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा को लेकर सभी राजकीय स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा सके। यह परीक्षाएं बोर्ड की तर्ज पर पारदर्शी तरीके से करवाई जाएंगी।
दीपावली के बाद 24 अक्तूबर से शुरू होंगी परीक्षाएं, नवंबर तक चलेंगी
कक्षा 9वीं में 24 अक्तूबर को सामाजिक विज्ञान, 25 को अंग्रेजी, 27 को गणित, 28 को हिंदी, 29 को विज्ञान, 30 को पंजाबी, संस्कृत, 31 अक्तूबर को एनएसक्यूएफ, म्यूजिक विषयों की परीक्षा होगी। 10वीं कक्षा में 24 अक्तूबर को विज्ञान, 25 को संस्कृत, पंजाबी, 27 को सामाजिक विज्ञान, 28 को अंग्रेजी, 29 को हिंदी, 30 को गणित, 11वीं कक्षा में 24 अक्तूबर को फाइन आर्ट, म्युजिक, 25 को सोशोलॉजी, बिजनेस स्टडी, 27 को कंप्यूटर साइंस, जियोग्रॉफी, 28 को इतिहास, अकाउंटेंसी, 29 को हिंदी, 30 को गणित, राजनीति विज्ञान, 31 को गृह विज्ञान, इकोनोमिक्स, 3 नवंबर को अंग्रेजी, 4 को एनएसक्यूएफ, 6 को संस्कृति व पंजाबी विषय की परीक्षा होगी। 12वीं कक्षा में 24 अक्तूबर को कंप्यूटर विज्ञान, जियोग्रॉफी, 25 को गणित, राजनीति विज्ञान, 27 को हिंदी, 28 को अंग्रेजी, 29 को संस्कृत, पंजाबी, 30 को बिजनेस स्टडी, केमिस्ट्री, 31 को फाइन आर्ट, म्यूजिक, 3 नवंबर को इतिहास, अकाउंटेंसी, 4 को इकोनोमिक्स, 6 को एनएसक्यूएफ विषयों की परीक्षा होगी।
परीक्षा में अक्तूबर माह तक पाठ्यक्रम किया जाएगा कवर
अभी बीते माह राजकीय स्कूलों में सेट परीक्षाएं कराई गई थीं। इन परीक्षाओं को स्कूल स्तर पर कराया गया था। अब विभाग की ओर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं कराई जानी हैं। इसको लेकर विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है। इन परीक्षाओं में अक्तूबर माह तक का पाठ्यक्रम कवर किया जाएगा।
जिला शिक्षा सदन।