अंबाला छावनी की रंगिया मंडी में चमडे़ के जूते बनाते कारीगर। संवाद
छावनी के रंगिया मंडी में रविवार सुबह देखने को मिला भक्ति का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। श्री गुरु रविदास महाराज के जन्मोत्सव पर छावनी के रंगिया मंडी क्षेत्र में रविवार की सुबह भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस पावन अवसर पर रंगिया मंडी स्थित रविदास धर्मशाला से सुबह छह बजे प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रभातफेरी के दौरान श्रद्धालु बहुत जन्म बिछड़े थे माधो यह जन्म तुम्हारे लिखे… मीठे लगते गुरु जी तेरे बोल बेले अमृत दे…सहित भजनों का सिमरन करते हुए आगे बढ़ते रहे। भजनों की मधुर धुनों से क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यह प्रभातफेरी रविदास धर्मशाला से प्रारंभ होकर शिव मंदिर होते हुए राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने प्रभातफेरी का स्वागत किया। इस दौरान चंदा के घर पर भक्तों ने दूध और मट्ठी का प्रसाद ग्रहण किया, वहीं सुजाता के घर पर चाय और मट्ठी का वितरण किया गया।
इसके बाद प्रभात फेरी रविदास धर्मशाला में आकर संपन्न हुई। जहां गुरु रविदास महाराज के चरणों में श्रद्धालुओं ने नमन कर आरती की। इस अवसर पर श्रवण कुमार, आकाश कुमार, वेद प्रकाश, चंदा, वीना, जतिन, जुगल किशोर, सुमित, सोनिया, गीता, कैलाशो सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।