अंबाला सिटी। गोपाष्टमी पर गुदगुदी जंक्शन समूह की अंबाला शाखा ने मोखा माजरा स्थित राधा कृष्ण गौशाला में गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। सामाजिक आयोजन प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि सदस्यों ने विधि-विधान से गौधन की पूजा की। इस दौरान गायों को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई गई और सामूहिक आरती उतारी गई। समूह के सदस्यों ने गौसेवकों के साथ मिलकर सभी गायों को हरा चारा, गुड़, सलाद और पौष्टिक दलिया खिलाया।
वरिष्ठ पदाधिकारी असीम अग्रवाल ने कहा कि गोपाष्टमी कर्म, सेवा और समर्पण का पर्व है। उन्होंने गौ माता को संस्कृति व आस्था का अभिन्न अंग बताया, जिसमें सभी देवताओं का वास होता है। अग्रवाल ने इस दिन गौदान को सर्वश्रेष्ठ बताया। कार्यक्रम के अंत में गौ भक्तों ने गायों के खुर स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह कार्यक्रम समूह अध्यक्ष चंद्रमौलि गौड़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संवाद