अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1-ए पर ट्रॉली संचालक से मारपीट करने वाले सात आरोपियाें की धरपकड़ के लिए जीआरपी की टीम गठित कर दी गई है। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी मिल के पीछे कुछ कॉलोनियों के रहने वाले हैं। इस संबंध में पकड़े गए पहले आरोपी से गणेश विहार निवासी गौतम ने पूछताछ के दौरान एक अन्य प्रमुख आरोपी की जानकारी दी है।
कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार तड़के प्लेटफॉर्म नंबर 1-ए पर 85 नंबर ट्रॉली स्टाल पर तैनात सतीश कुमार की शिकायत पर जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की थी। सतीश ने बताया कि कुछ युवक स्टेशन पर यात्रियों के साथ लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे, जब सतीश ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी उस वक्त वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद वे युवक फिर लौटे और सतीश पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने सतीश के सिर पर किसी तेजधार वस्तु से वार किया, इससे वह लहूलुहान हो गए। उन्हें घायल अवस्था में सिविल अस्पताल ले जाया गया और उनका उपचार कराया गया है।