संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। बराड़ा गांव की 31 वर्षीय युवती अमनदीप कौर लापता हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर अमनदीप की हत्या कर शव को बैग में डालकर खुर्द-बुर्द करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने एक दुकान के बाहर का सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो एक युवक रेहड़ी चालक के साथ बड़ा बैग ले जाते दिखाई दे रहा है। दोनों कड़ी मशक्कत के बाद भारी भरकम बैग उठाकर रेहड़ी पर रखते हैं। उसके बाद एक अन्य कार में शिफ्ट कर बैग से ले जाया जाता है।
बराड़ा थाना पुलिस ने सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर, परिजनों ने पुलिस द्वारा सहयोग न करने की बात कहीं। कहा कि पहले तो तलाश करने पर युवती का कुछ पता नहीं चला। बाद में खुद सीसीटीवी खंगालकर पुलिस को दी। जबकि यह पुलिस का काम था।
-
लैब से रिपोर्ट लेने गई थी, फिर नहीं लौटी
अंबाला शहर निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी भांजी अमनदीप कौर मंगलवार सुबह अपनी कैंसर पीड़ित मां के टेस्ट की रिपोर्ट लेने बाजार गई थी। कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने खुद सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें अमनदीप को रेलवे स्टेशन के पास एक अंडरपास के समीप दुकानों के ऊपर बने कमरे में जाते देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अमनदीप के ऊपर जाने के काफी देर बाद एक युवक नीचे आया। वह एक रेहड़ी चालक के साथ मिलकर एक भारी बैग नीचे लाया और उसे रेहड़ी में लादकर ले गया। आरोप है कि यह बैग जनकपुरी स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास एक कार में रखा गया। परिजनों को शक है कि इस बैग में अमनदीप का शव था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने रेहड़ी चालक को पहचान लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जबकि मुख्य आरोपी के भी पकड़े जाने की बात सामने आई है लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हुई।
टयूशन से चलाती थी घर, पिता की हो चुकी मौत
सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि अमनदीप के पिता इंद्रपाल सिंह की पिछले वर्ष मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां को कैंसर है और उसका इलाज चल रहा है। अमनदीप की छोटी बहन भी शुगर की बीमारी से पीड़ित है। ऐसे में अमनदीप अपने घर में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर घर का गुजारा चला रही थी और अपनी मां-बहन का इलाज करवा रही थी। मंगलवार को भी वह लैब से अपनी मां के टेस्ट की रिपोर्ट लेने गई थी। वहीं, परिजनों ने बताया कि अमनदीप ने शाम को अपनी मां के साथ वैष्णोदेवी के लिए जाना था और ट्रेन का टिकट भी करवा लिया था।
.
परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही मामले का पटाक्षेप हो जाएगा।
सुरेश कौशिक, डीएसपी बराड़ा
लापता हुई अमनदीप की फोटो: सोशल मीडिया