बिजेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर, इंचार्ज, अंबाला छावनी बस अड्डा। स्वयं
अंबाला। रोडवेज के अधिकारियों ने बोह-बब्याल और साहा तक मिनी बस चलाकर छावनी और साहा के लोगों को दिवाली का तोहफा दिया है। एक बस सुबह अंबाला सिटी से तो दूसरी बस बब्याल और तीसरी बस अंबाला सिटी से साहा के लिए चलेगी।
सिटी और बब्याल की बसें दिन में चार-चार चक्कर लगाएंगी जबकि साहा की और जाने वाली बस दिन में दो से तीन चक्कर लगाएगी। फिलहाल बसों के लिए जल्द ही फाइनल समय सारणी जारी कर दी जाएगी। कुछ दिन पहले हरियाणा के परिवहन, श्रम और ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा को निर्देश दिए थे कि छावनी के ग्रामीण इलाकों में रोडवेज की बस चलाई जाएं।
इससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों और छात्रों को इन बसों का लाभ मिल सके। अंबाला छावनी बस अड्डा इंचार्ज इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह साढे़ छह बजे अंबाला सिटी से बस चलाई गई। यह बस माडल टाउन, प्रेम नगर, जंडली होते हुए यात्रियों को लेकर अंबाला छावनी पहुंची। इसके बाद अंबाला छावनी से यह बस बोह-बब्याल के लिए रवाना हुई।
इसी तरह एक बस बब्याल में नाइट स्टे करेगी जो सुबह साढे़ सात बजे बब्याल से यात्रियों को लेकर अंबाला छावनी और अंबाला सिटी पहुंचेगी। यह दोनों मिनी बसें पूरा दिन में चार-चार चक्कर लगाएंगी। इसी तरह से तीसरी बस अंबाला सिटी से अंबाला छावनी, महेश नगर, खुड्डा, तेपला, मिठापुर होते हुए साहा पहुंच रही है। इन बसों के चलने से छात्र, ग्रामीण यात्री और निजी कंपनी में काम करने वाले लोगों को होगा। इन रूटों के अधिकतर यात्री ऑटो में ज्यादा किराया देकर यात्रा करते हैं।