अंबाला सिटी। आपरेशन ट्रैक डाउन के तहत सीआईए-1 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में भगोड़े और अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा बरामद किया गया है। सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक परमवीर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मनमोहन नगर टी-प्वाइंट के पास एक संदिग्ध युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर मनमोहन नगर निवासी आरोपी वारिस को काबू लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना बलदेव नगर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना अंबाला छावनी में हत्या के प्रयास का गंभीर मामला दर्ज है। इस मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत द्वारा उसे पीओ घोषित किया जा चुका था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि उसके अन्य आपराधिक संपर्कों का भी खुलासा हो सके।