रेशम सिंह अनमोल ने सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय से गुजारिश की है कि वे ऐसे पेट्रोल पंपों की एक आधिकारिक सूची जारी करें जहां प्रीमियम और बेहतर क्वालिटी का पेट्रोल उपलब्ध हो, ताकि आम जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
पंजाबी गायक और अंबाला निवासी रेशम सिंह अनमोल ने अपनी डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर का फ्यूल पंप खराब होने को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में सिंगर ने दावा किया है कि ई-20 (एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल की वजह से उनकी नई गाड़ी का फ्यूल पंप खराब हो गया है। उन्होंने कहा कि जो सच्चाई थी उन्होंने बताई, मगर कुछ लोग कह रहे हैं एजेंडा चला रहा है। उन्हें धमकी मिल रही हैं।
विज्ञापन
पहली ही सर्विस के बाद चलते-चलते बंद हुई गाड़ी
वीडियो में रेशम सिंह अपनी सफेद रंग की डिफेंडर कार के पास खड़े होकर हाथ जोड़कर अपनी आपबीती सुनाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी की अभी पहली ही सर्विस हुई थी कि रास्ते में अचानक गाड़ी बंद हो गई। जब गाड़ी को चंडीगढ़ स्थित अधिकृत कंपनी के सर्विस सेंटर में भेजा गया, तो अधिकारियों ने बताया कि खराब फ्यूल (पेट्रोल) के कारण फ्यूल पंप पूरी तरह से बिगड़ चुका है और इसे बदलना पड़ेगा।
हाई-ऑक्टेन पेट्रोल ढूंढना हुआ मुश्किल
गायक ने आगे कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने नॉर्मल पेट्रोल भरवाना बंद कर दिया है। जब उन्होंने एक्सपी-95 या एक्सपी-100 जैसे प्रीमियम/हाई-स्पीड पेट्रोल की तलाश की, तो 6-7 पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें प्रीमियम फ्यूल नहीं मिला। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने स्टॉक में यह ईंधन उपलब्ध न होने की बात कही।
विज्ञापन
सरकार और प्रशासन से अपील
रेशम सिंह अनमोल ने सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय से गुजारिश की है कि वे ऐसे पेट्रोल पंपों की एक आधिकारिक सूची जारी करें जहां प्रीमियम और बेहतर क्वालिटी का पेट्रोल उपलब्ध हो, ताकि आम जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने अन्य वाहन चालकों से भी पूछा कि क्या वे भी खराब ईंधन या ई-20 पेट्रोल के कारण गाड़ियों में आ रही ऐसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।