नारायणगढ़ में समाधान शिविर में समस्याएं सुनतीं एसडीएम शिवजीत। विभाग
अंबाला, नारायणगढ़। जिला मुख्यालय और नारायणगढ़ के उपमंडल कार्यालय पर वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन हुआ। दोनों ही शिविरों में समस्याओं की फेहरिस्त दिखी। अधिकतर शिकायतें राशन कार्ड और पेंशन से जुड़ी रहीं। इन शिकायतों में अधिकारियों को उलझा दिया, इसके साथ ही इन शिविरों में मुख्य रूप से सरकारी दस्तावेज में त्रुटियों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें हावी रहीं। जिला मुख्यालय पर नगराधीश अभिषेक गर्ग और उपमंडल स्तर पर एसडीएम शिवाजीत भारती ने समस्याओं को सुना।
परिवार पहचान पत्र व राशन कार्ड
कलेरा गांव के सुरेंद्र कुमार ने राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई, वहीं पंकज कुमार और हरविंद्र ने परिवार पहचान पत्र में नाम दर्ज कराने व आय दुरुस्त करवाने संबंधी समस्याएं रखीं। अंबाला शहर के हेमंत जैन ने बिजली लोड और गांव भाल माजरा के जॉनी ने गली के मोड़ से बिजली का खंभा हटवाने का अनुरोध किया। बड़ागांव की सुनहरी देवी, नारायणगढ़ की राजरानी और गदोली की लीलावती ने वृद्धावस्था पेंशन शुरू करवाने में आ रही अड़चनों से अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं संदीप कुमार ने प्रॉपर्टी आईडी, पवन कुमार ने आधार कार्ड सुधार और अमित कुमार ने निजी स्कूल द्वारा एलसी जारी न करने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई।