अंबाला छावनी के कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में स्थित आरएचए परेड का स्कूल। बोर्ड
अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला ने क्षेत्र के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का फैसला किया है। इस कड़ी में बोर्ड ने क्षेत्र में स्कूलों के पुनर्निर्माण, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और जलापूर्ति लाइनों के विस्तार के लिए करीब 1.81 करोड़ रुपये के ई-टेंडर आमंत्रित किए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बोर्ड द्वारा चार मुख्य परियोजनाओं के लिए निविदाएं मांगी गई हैं, इसमें सबसे प्रमुख कार्य आरएचए परेड स्थित सीबी स्कूल में आंगनबाड़ी और कक्षाओं का पुनर्निर्माण है। इस पर 49.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, इसके अलावा बीसी बाजार स्थित सीबी स्कूल की कक्षाओं के पुनर्निर्माण के लिए भी 44.70 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
स्ट्रीट लाइट और पानी की लाइनों का होगा कायाकल्प
क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए भी भारी बजट आवंटित किया गया है। स्टाफ रोड, पार्क रोड और पानीपत रोड जैसे क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट के खंभों, केबल और लाइटों की मरम्मत व विस्तार पर 40.27 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी प्रकार जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। इसके तहत क्षेत्र में पुरानी पानी की पाइपलाइनों को बदलने और नई लाइनें बिछाने के लिए 46.85 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इच्छुक ठेकेदार इन कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्ट्रीट लाइट व जलापूर्ति कार्य की बिड खुलने की समय अवधि 11 व 12 मई निर्धारित की गई है। इसी प्रकार स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण के लिए बिड का समय 12 और 13 मई निर्धारण किया गया है।
क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा के ढांचे को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। इन कार्यों के लिए पारदर्शी तरीके से ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- राहुल आनंद शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला