जब नारी में शक्ति सारी, फिर क्यूं हो नारी बेचारी... यह पंक्तियां अंबाला की उन नारियों पर बिल्कुल सटीक बैठती है जिन्होंने अपने हुनर, जोश व जज्बे के साथ शहर ही नहीं बल्कि देशभर में अंबाला का नाम रोशन किया है। इनमें अंबाला की परिणीति व मन्नारा चोपड़ा के साथ बालाकोट एयर स्ट्राइक में अभिनंदन के संग एफ-16 गिराने में निभाई अहम भूमिका निभाने वाली एयरफोर्स की मिंटी अग्रवाल शामिल हैं। इसके अलावा जीएमएन कॉलेज की छात्रा रह चुकी अनुपमा भी एंकरिंग जगत में नाम रोशन कर रही है।
युद्ध सेवा मेडल प्राप्त करने वाली पहिला महिला बनी मिंटी अग्रवाल
अंबाला की मिंटी अग्रवाल ने कुछ समय पहले ही युद्ध सेवा पदक हासिल किया था। उन्हें ये पदक अपनी बहादुरी व समझदारी की बदौलत बालाकोट एयर स्ट्राइक में अभिनंदन के संग एफ-16 गिराने के साथ अहम भूमिका निभाने के लिए मिला था।
उनके भाई अरविंद अग्रवाल ने बताया था कि बालाकोट एयर स्ट्राइक में वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। उस समय महिला स्क्वाड्रन लीडर मिंटी अग्रवाल ने वायुसेना के राडार कंट्रोल स्टेशन पर हालात को समझदारी से संभाला। जब पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने उनके एयरबेस से उड़ान भरी और पीओके के रास्ते भारतीय वायु सीमा में प्रवेश करने को आगे बढ़े तो मिंटी अग्रवाल ने श्रीनगर स्थित वायुसेना एयरबेस को सूचित कर दिया, जहां विंग कमांडर अभिनंदन समेत कई जांबाज भारतीय लड़ाकू विमान के साथ हाई अलर्ट पर थे। मिंटी अग्रवाल से सूचना मिलते ही अभिनंदन ने उड़ान भरी थी।
फिल्म जगत में अंबाला की परिणीति चोपड़ा का बजता है डंका
बॉलीवुड जगत में छाने वाली परिणीति चोपड़ा का जन्म अंबाला के एक पंजाबी परिवार में 22 अक्तूबर 1988 को हुआ था। प्रियंका चोपड़ा से प्रेरित होकर फिल्म जगत में कदम रखा परिणीति ने 2011 में लेडीज वर्सेज रिक्की बहल से फिल्म जगत में अपने कॅरिअर की शुरूआत की। जिसके बाद इश्कजादे, शुद्ध देसी रोमांस, हंसी तो फंसी, दावत ए इश्क, गोलमाल फिल्मों से अपनी पहचान बनाई। हाल ही में वो एक रियलिटी शो हुनरबाज को भी होस्ट कर रही है।
मॉडलिंग में अंबाला की मन्नारा चोपड़ा भी बड़ा नाम
प्रिंयका चोपड़ा की कजिन बहन मन्नारा चोपड़ा भी अंबाला की ही रहने वाली है। अभिनेत्री के साथ-साथ वह मॉडल भी हैं। मन्नारा ने 2014 में तेलगू फिल्म प्रेमा गीता जनता से अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी। 2014 में ही जिद, 2017 में कन्नड़ फिल्म रोंगे में नजर आईं। 5 फिल्मों का वह हिस्सा बन चुकी है। बॉलीवुड के अलावा वह तेलगू फिल्मों में भी जाना पहचाना नाम है।
मुंबई में एंकरिंग क्वीन है अनुपमा सिंह
अदाकारा व एंकर अनुपमा सिंह अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर अंबाला से निकल एंकरिंग की दुनिया में क्वीन बन चुकी है। अंबाला छावनी में बड़ी हुई अनुपमा ने जीएमएन कॉलेज छावनी में अपनी पढ़ाई की। एंकरिंग के लिए मुंबई गईं और वहां काफी मेहनत की। इंटरनेट टीवी एशिया पर वह टॉक शो एशियन वैरायटी शो हॉस्ट कर चुकी है जो 135 देशों में हर वीकेंद्र पर चलता है। इसके अलावा वह सलमान खान सहित बड़े सुपरस्टारों का साक्षात्कार भी कर चुकी है।
3 साल के बेटे के संग ई-रिक्शा चलाकर कर रही परिवार का गुजर बसर
बंधू नगर निवासी मोनिका ने परिवार का गुजर बसर करने के लिए ई-रिक्शा का हैंडल थामकर यह साबित कर दिया कि महिलाएं किसी से कम नहीं है। एक साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण गुजारा करना मुश्किल हो गया था। ऐसे में मोनिका ने पति के साथ खुद भी ई-रिक्शा चलाने की ठानी। वह सारा दिन घर से बाहर रहने व तरह-तरह के लोगों से खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपने 3 साल के बेटे को भी संग रखती है। मोनिका का कहना है कि चंडीगढ़ में पांच साल रहने के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था। अंबाला आने के बाद कोरोना काल में सब काम धंधा चौपट हो गया। आखिर में पति के साथ मिलकर ई-रिक्शा चलाने की ठानी। अब वह पति और वह अलग से किराए पर ई-रिक्शा चलाती है।