अंबाला। पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल परिसर स्थित बैंक के एटीएम से रुपये निकाल रहे सेना से रिटायर्ड कर्मचारी का डेबिट कार्ड बदलकर तीन युवकों ने 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। बलदेव नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शिकायत में शाम सुंदर बक्शी ने बताया कि वह पूजा विहार कैंट का निवासी है और भारतीय सेना से रिटायर हैं। 22 फरवरी को वह पत्नी उषा बक्शी का इलाज करवाने के लिए निजी अस्पताल आया था। वह अस्पताल परिसर में लगे एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया तो उसके पीछे केबिन में दो-तीन अज्ञात लड़के आ गए। जब उसने अपना डेबिट कार्ड मशीन में डाला तो उन लड़कों ने उसे बातों में उलझा लिया और कार्ड बदल दिया। इसके बाद उसके मोबाइल पर तीन मैसेज आए और खाते से 25 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित के अनुसार पत्नी के इलाज में व्यस्त होने के कारण उसने वीरवार को शिकायत दी। पुलिस ने वीरवार को आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।