अंबाला सिटी। सिटी के मिशन अस्पताल में हुई गप्पू (अमन) की हत्या के चौथे आरोपी विकास गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा गया।
बता दें कि 26 फरवरी को सिटी के मिशन अस्पताल में गैंगस्टर बंटी कौशल ने गप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीन आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया था। इसमें एक महिला दो दिन व दो अन्य आरोपी अमित और शिवी शर्मा पांच दिन के रिमांड पर चल रहे हैं। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बंटी बहरहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने इस मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंबाला पूजा डाबला के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की थी। यह टीम फरार आरोपी को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर रही है। पुलिस टीम का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में मां की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत में एक महिला सहित कई लोगों पर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।