अंबाला। ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए रेलवे की ओर से संचालित चार विशेष ट्रेनों के संचालन पर ग्रहण लग गया है। लगातार देरी से संचालित होने के कारण ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में कमी हो रही थी।
इससे रेलवे को आर्थिक नुकसान भी हो रहा था। सभी व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए रेलवे ने ट्रेन नंबर 04520/19 बठिंडा-वाराणसी-बठिंडा और 04210/09 चंडीगढ़-लखनऊ-चंडीगढ़ का संचालन 18 जून से बंद कर दिया है जबकि इन ट्रेनों के संचालन की समय अवधि 10 जुलाई तक थी।
साढ़े आठ घंटे की देरी से
बुधवार को भी अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों का संचालन साढ़े चार घंटे से लेकर साढ़े आठ घंटे तक प्रभावित रहा। ट्रेन नंबर 05194 छपरा-उधमपुर विशेष का अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 8:20 का है, लेकिन यह ट्रेन आठ घंटे की देरी से शाम 4:30 बजे अंबाला पहुंची। इसी प्रकार गुवाहाटी से कटरा के लिए संचालित विशेष ट्रेन 04605 सुबह 11:35 बजे की जगह रात 8:33 बजे अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची।
यात्री झेल रहे परेशानी
रेलवे ने यात्रियों को राहत पहुंचाने के मकसद से बेशक विशेष ट्रेनों का संचालन शुरु कर दिया है। लेकिन ये ट्रेनें एक भी दिन समय पर अपने गंतव्य स्टेशन पर नहीं पहुंच पाई हैं क्योंकि पूर्व में चल रही मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के समय पर संचालन को लेकर विशेष ट्रेनों को बेवजह घंटों बीच रास्ते रोक दिया जाता है।
वर्जन
विशेष ट्रेनों के देरी से संचालन के कारण यात्रियों की संख्या में भी काफी कमी हो गई थी। इससे रेलवे को आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसलिए रेलवे ने अंबाला मंडल से चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।