अंबाला। समाज में कई कारीगर, लेखक, गायक व कवि हैं, मगर इनमें से सबसे बेहतरीन कृति तभी कोई कलाकार बना पाता है, जब वो परमात्मा में पूरी तरह लीन हो जाता है ये विचार हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री और अंबाला छावनी के विधायक अनिल विज ने दी। वे वीरवार देर शाम बंधु नगर कालोनी में करूमारी अम्मन शीतला माता मंदिर के गुम्मत के महाकुंभ अभिषेक व महायज्ञ तथा श्री गणेश और कार्तिक महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भव्य मंदिर निर्माण के लिए कालोनी वासियों को बधाई दी और मंदिर निर्माण करने वाले कारीगरों के पांव छूकर उन्हें सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि बंधु नगर के लोगों ने काॅलोनी में सुंदर और विशाल मंदिर का निर्माण कर काॅलोनी को हरियाणा के नक्शे पर ला दिया है। उन्होंने कहा यह कमाल बिना परमात्मा की विशेष कृपा के नहीं किया जा सकता। हमारा देश, हमारी संस्कृति धर्म पर ही आधारित है। उन्होंने कहा कि धर्म तीन शब्दों का संगम है, यानि ध से धारण, र से रास्ता और म से मुक्ति मोक्ष हासिल करना है। इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री का स्थानीय कालोनी वासियों ने उन्हें सम्मानित किया। विज ने मंदिर परिसर में माथा टेका और देवी मां का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर भाजपा नेता ललता प्रसाद, विपिन खन्ना, दीपक कौशिक, सुनील नदरिया के अलावा कुरुमारी अम्मन धर्मशाला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।