संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के नागरिक अस्पताल में एसी के आउटडोर से कॉपर के पाइप काटकर चुराने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन दिन में चोर दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। अब एमआरआई सेंटर के दो एसी से कॉपर के पाइप काट लिए गए।
सेंटर संचालक पुरुषोत्तम का कहना है कि पहले भी तीन बार एसी के कॉपर पाइप चोरों द्वारा काट लिए गए है। बावजूद अभी तक चोर नहीं पकड़े गए। शातिर चोर अस्पताल में उस जगह पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जहां पर न तो सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती होती है और न ही कोई सीसीटीवी लगे हुए हैं। आसानी से चोर चोरी कर भाग जाते हैं। पुलिस को उनका सुराग भी नहीं लग पाता। जबकि अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी के साथ-साथ 30 सिक्योरिटी गार्ड की फौज है तो दिनरात तैनात रहती है। बावजूद इन चोरियों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
आठ एसी के पाइप चोरी होने पर ठप पड़े हैं फ्रीजर
चोरों ने 5 अक्तूबर की रात को पोस्टमार्टम रूम के पीछे लगे आठ एसी के आउटडोर से कॉपर के पाइप ही काट लिए थे। यहीं कारण है कि अभी तक अस्पताल में लगे लाखों रुपये के शव रखने वाले आठ फ्रीजर ठप पड़े हैं। मजदूर किराये पर फ्रीजर लाकर शवों का रखा जा रहा है। बावजूद अभी तक पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी।
एसी के आउटडोर से दोबारा कॉपर के पाइप काटने की शिकायत मिली है। अस्पताल में पीएमओ से मुलाकात कर जिस जगह पर सीसीटीवी नहीं लगे हैं वहां लगवाने के लिए बोला जाएगा। चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
- जय कुमार, प्रभारी रजिमेंट चौकी