अंबाला छावनी स्थित यादव धर्मशाला में भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर संघर्ष
- फोटो : Ambala
अंबाला। यादव समाज की ओर से भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर संघर्ष का शंखनाद किया गया। रविवार को श्री यादव धर्मशाला अंबाला छावनी में हरियाणा यादव महासभा, अंबाला की चार यादव महासभाओं, यादव समाज सभा कुरुक्षेत्र तथा संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि निकट भविष्य में अंबाला में हरियाणा व पंजाब यादव सभाओं का विशाल सम्मेलन बुलाया जाएगा। इस बारे अंबाला की चार यादव सभाएं निर्णय लेंगी।
बैठक यादव समाज सभा कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष तथा अहीर रेजिमेंट संघर्ष मोर्चा के उत्तर हरियाणा प्रभारी डॉ. अतुल यादव, अंबाला की यादव सभाओं के अध्यक्ष हीरालाल यादव, राधेश्याम यादव, रामबाबु यादव तथा रविंद्र यादव उपस्थित थे। बता दें कि इस मुद्दे पर मार्च में यादव समाज सभा कुरुक्षेत्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अहीर रेजीमेंट के गठन की मांग को समर्थन देते हुए इसे आवश्यक बताया था। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अतुल यादव ने कहा कि भारतीय सेना में फिलहाल 23 रेजीमेंट हैं जो विभिन्न जातियों और क्षेत्र के नाम पर हैं। अहीर समाज के वीरों ने सेना में देश की सेवा करते हुए हमेशा अद्भुत पराक्रम दिखाया है। सेना में अहीर रेजिमेंट का गठन समय की मांग है तथा हमारे शहीदों का सम्मान है। केंद्र सरकार को इसे शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। इस मौके पर विभिन्न युद्धों में अहीरों की भूमिका का लेखा जोखा पेश किया तथा कहा की यह समाज की लड़ाई है जो सभी नेताओं को पार्टी स्तर से ऊपर उठकर लड़नी होगी। सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया की यादव समाज के लोग जनगणना के समय अपनी जाति अहीर/यादव लिखेंगे। सरकारी से भी जातीय जनगणना की मांग की जाएगी।