संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पहाड़ों पर धूप निकलने के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा फिर परेशान करने लगा है। शनिवार को घना कोहरा छाने के कारण परिवहन व्यवस्था चरमरा गई और एक बार फिर ट्रेनों की रफ्तार थम गई। सुरक्षा कारणों से ट्रेनें 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ती नजर आईं, वहीं रेलवे ट्रैक की भी निगरानी बढ़ाई गई ताकि कोई हादसा न हो। शनिवार को सुबह से शाम तक ऐसे ही हालात कैंट स्टेशन पर नजर आए।
इस दौरान लगभग 25 से अधिक ट्रेनें 10 से एक घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंचीं, जबकि यात्रियों को ठंड के दौरान खुले में ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। वहीं बसों का भी यही हाल रहा। शनिवार को दिनभर धूप न निकलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन के समय 18.5 डिग्री सेल्सियस तो रात्रि तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा।