अंबाला। कुरुक्षेत्र के एक दंपती पर कोल्ड स्टोर के व्यवसाय में मुनाफे का झांसा देकर दंपती पर 5 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। विधवा महिला ने रुपये ऐंठने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी थी। पुलिस ने धारा 406 (अमानत में खयानत) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
आनंद नगर (बोह रोड) निवासी शशी बाला ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की 6 साल पहले मृत्यु हो चुकी है और वह अपने पिता के साथ रह रही है। कुरुक्षेत्र में एक कंपनी की मीटिंग के दौरान उसकी पहचान गांव जैनपुर, शाहबाद निवासी जसबीर सिंह और उसकी पत्नी परमजीत कौर से हुई थी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने शाहबाद में आलू-प्याज का कोल्ड स्टोर होने की बात कहकर उसमें निवेश करने पर हर महीने मोटे मुनाफे का लालच दिया। महिला ने झांसे में आकर 12 मार्च 2024 को अपने बैंक खाते से 3 लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 2 अप्रैल 2024 को आरोपियों ने माल बुकिंग का बहाना बनाकर 2 लाख रुपये नकद ले लिए।
-
पैसे मांगने पर बेटे के अपहरण की धमकी
शिकायत में महिला ने बताया कि काफी समय बीतने के बाद जब पीड़िता ने कोल्ड स्टोर दिखाने और पैसे वापस मांगने की बात कही, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। आरोप है कि जब महिला उनके घर पहुंची, तो आरोपियों ने शिकायत करने पर पिटवाने व 12 वर्षीय बेटे का अपहरण करने की धमकी दी।