जिले में कोरोना का कहर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को कोरोना ने जिले में स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 5 लोगों की जान ले ली। हालांकि ट्विन सिटी के श्मशान घाटों में बुधवार को 11 चिताएं जलीं। इनमें अंबाला छावनी के श्मशान घाटों में 7 लोगों का कोविड प्रोटोकाल के तहत संस्कार करवाया गया। हालांकि छावनी में कुल 11 शवों का संस्कार किया गया जिनमें से दो लावारिश और दो अन्य लोगों के थे। वहीं चार शवों का अंबाला शहर के श्मशान घाट में कोविड नियमों के तहत संस्कार किया गया। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की बात करें तो मरने वालों में ट्रिब्यून कॉलोनी अंबाला छावनी से 73 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। बुजुर्ग को शुगर और हृदय रोग की बीमारी थी और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
दूसरी मौत भी अंबाला छावनी के ही 38 वर्षीय व्यक्ति की हुई इन्हें शुगर की समस्या भी थी और यह भी ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। तीसरी मौत कैंट से ही 62 वर्षीय पुरुष की हुई इन्हें भी शुगर था और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। चौथी मौत दुर्गा कॉलोनी नारायणगढ़ की 50 वर्षीय महिला की हुई। महिला को उच्चरक्तचाप व शुगर की समस्या थी और यह भी ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी। पांचवीं मौत साहा के बिहटा निवासी 42 वर्षीय महिला की हुई इन्हें भी शुगर और उच्च रक्तचाप की समस्या थी और ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रही थी। बुधवार को सेंट्रल जेल और बाल सुधार गृह में भी कोरोना ने दस्तक दे दी। यहां से 9 केस सामने आए। जिला शिक्षा विभाग के भी करीब 6 कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं।
अभी तक लिए गए सैंपल की स्थिति
जिले में 28 अप्रैल तक 3 लाख 15 हजार 396 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से मात्र 44428 सैंपल एंटिजन किट से लिए गए हैं जबकि शेष आरटीपीसीआर से किए गए हैं। जिले में इस समय 19954 लोगों को कोरोना संक्रमित कर चुका है। इनमें से 16703 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अब तक जिले में 221 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस तरह कोरोना से मृत्यु दर 1.06 से बढ़कर 1.09 प्रतिशत हो गई है। वहीं रिकवरी दर घटकर 83.71 प्रतिशत रह गई है। जिले में अप्रैल माह में 28 दिनों में 60 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जबकि मार्च से अब तक 74 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं। जिले में 3030 मरीज इस समय एक्टिव हैं।
यहां से आए नए केस, अंबाला शहर हलके पर मंडराया संकट
जिले में सबसे ज्यादा केस अंबाला शहर से ही आ रहे हैं। बुधवार को यहां से 130, कैंट से 70, शहजादपुर से 27, मुलाना से 26, बराड़ा से 18, नारायणगढ़ से 5 और चौड़मस्तपुर से 74 केस सामने आए। इस तरह अंबाला शहर हलके से कुल 204 केस सामने आए। जोकि पूरे जिले में मिले संक्रमित मरीजों के आंकड़े से ज्यादा हैं। इनमें अंबाला शहर काजीवाड़ा, बलदेव नगर, अशोक विहार अंबाला सिटी, जग्गी कॉलोनी, सेक्टर-10 और नन्यौला से 3-3, मच्छी मोहल्ला, रेलवे अस्पताल अंबाला छावनी, सेंट्रल जेल अंबाला शहर से चार-चार, गांधी नगर अंबाला कैंट, खतौली, मनमोहन नगर, शक्ति कॉलोनी, लक्की नगर, पटेल नगर, शास्री नगर, सेक्टर-7, वशिष्ट नगर, अग्रसेन नगर से 2-2, महेश नगर, रामगढ़ माजरा, दयालबाग व बाल सुधार गृह से 5-5, फतेहगढ़ से 11, जंडली से 8, प्रेम नगर से 6 व अन्य जगह से नए केस आए।
कोविड मरीजों के लिए बेड के रेट किए निर्धारित
जिला प्रशासन ने कोविड मरीजों की सुविधा के लिए प्राइवेट अस्पतालों में रेट निर्धारित कर दिए हैं। नॉन एनएबीएच एक्रीडेटिड अस्पतालों में 8 हजार से 15000 हजार तक का रेट निर्धारित किया गया है। मॉड्रेटिव सिकनेस मरीजों के लिए आइसोलेशन बेड ऑक्सीजन के साथ 8 हजार, गंभीर रूप से बीमार को बिना वेंटिलेटर सुविधा के आईसीयू सुविधा के साथ 13 हजार और अति गंभीर मरीज को तमाम सुविधाओं के साथ 15 हजार रुपये बेड के लिए देने होंगे। जबकि जेसीआई/एनएबीएच अस्पतालों में यह रेट 10 से 18000 हजार रुपये के बीच तय किए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि यदि इन रेट से ज्यादा कोई रेट लेता है तो उस अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
सीएम आज कर सकते हैं नागरिक अस्पताल का दौरा
जिले के सरकारी अस्पताल में कोरोना की बढ़ती शिकायतों और अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को अंबाला आ सकते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बुधवार को दिनभर व्यवस्था बनाते नजर आए। हालांकि मुख्यमंत्री के आने की आधिकारिक सूचना विभाग की ओर से शाम तक जारी नहीं की गई थी।