गांव पूलेवाला में जमीन के विवाद को लेकर एक पक्ष द्वारा गांव में की गई फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि इस फायरिंग से किसी भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। उधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी गांव के पूर्व सरंपच को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 6 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना नारायणगढ़ में दी अपनी शिकायत में गांव पूलेवाला के मदन लाल ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व मेरा व गांव के ही दो व्यक्तियों के साथ जमीनी विवाद हो गया।
उस समय गांव का पूर्व सरपंच भी अपने कुछ लोगों को लेकर उसके साथ झगड़ा करने के लिए आ पहुंचा। इस दौरान गांव वालों द्वारा बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया।
अब इसी विवाद के चलते पूर्व सरपंच ने उसके बेटे को अपने घर बुलाकर उसके साथ मारपीट की। उसकी पत्नी ने पूर्व सरपंच से उसके बेटे से मारपीट करने का कारण पूछता तो उससे दुर्व्यवहार किया व कथित रूप से धमकी भी दी।
उसके बाद जब वह घर पर था, तो अचानक एक सफेद रंग की गाड़ी उसके घर के सामने आकर रुकी। इस में से करीब आधा दर्जन लोग गाड़ी से निकले और उस पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली से वह किसी तरह से बाल-बाल बच गया, लेकिन इसी दौरान दो और फायर किए गए।
उन्होंने शोर मचा दिया, जिस पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को आता देख यह सभी हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
थाना प्रभारी सुरेश पाल के अनुसार पुलिस ने मदन लाल की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत पूर्व सरपंच सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को 6 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।